केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर जम्मू कश्मीर पहुंचे हैं। अमित शाह की जम्मू कश्मीर की यात्रा को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा, 'आज पार्टी विधायकों के साथ बैठक हुई। भाजपा ने यहां से 29 सीटें जीती हैं। इसलिए पार्टी के सभी विधायक उनसे मिलना चाहते थे। इसी वजह से आज बैठक यह हुई। इस दौरान सभी विधायकों ने अमित शाह का आभार जताया कि देश की सरकार, मोदी की सरकार, जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए बहुत अच्छे से काम कर रही है।" तरुण चुग ने कहा, "पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और जम्मू-कश्मीर नए-नए तरीकों से तरक्की कर रहा है।"
जम्मू कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे अमित शाह
उन्होंने कहा, "सड़क, रेल, बुनियादी ढांचे और चिकित्सा सुविधाओं में सुधार हुआ है। घरों में पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। हमने आतंकवाद को कम किया है और जम्मू-कश्मीर एक शांतिपूर्ण क्षेत्र है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री इस महीने जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं और गृह मंत्री आज आए हैं।" उन्होंने यह भी कहा, "कुछ नेता लोगों के मन में डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वक्फ अब गरीबों और महिलाओं के फायदे के लिए होगा। अब अब्दुल्ला और मुफ्ती परिवारों को तय करना है कि वे लुटेरों के साथ हैं या अनाथों, गरीबों और महिलाओं के साथ। गृह मंत्री ने दोहराया कि यह विधेयक किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, पूजा स्थल और दरगाहों को वही लोग संभालेंगे और सरकार इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी।"
क्या बोले भाजपा नेता रविंदर रैना
वहीं गृहमंत्री अमित शाह की यात्रा को लेकर भाजपा नेता रविंदर रैना का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे हैं। यहां समय-समय पर सुरक्षा संबंधी मामलों की समीक्षा की जाती है। साथ ही गृह मंत्री विकास कार्यों की समीक्षा भी करते हैं। गृहमंत्री पार्टी संगठन के कार्यकर्ताओं से मिलते हैं और संगठन के विस्तार को लेकर उनका मार्गदर्शन करते हैं। हम गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हैं कि वह हमेशा जम्मू-कश्मीर में शांति और सद्भाव के लिए काम करते हैं।"