1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. 'घोड़े को इसलिए मार डाला, ताकि बेचा जा सके मांस', फेसबुक की फेक पोस्ट पर पुलिस का एक्शन, जानिए मामला

'घोड़े को इसलिए मार डाला, ताकि बेचा जा सके मांस', फेसबुक की फेक पोस्ट पर पुलिस का एक्शन, जानिए मामला

 Published : Oct 06, 2025 02:13 pm IST,  Updated : Oct 06, 2025 02:22 pm IST

मृत घोड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इस वायरल वीडियो पर झूठा दावा भी किया गया था। इस पुलिस ने एक्शन लेते हुए फेसबुक के पेज एडमिन के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FREEPIK AND PTI

जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में पुलिस ने एक घोड़े को मार डालने के बारे में झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में एक फेसबुक पेज के एडमिन के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फेसबुक पेज 'कश्मीर स्पीक्स' ने एक मृत घोड़े का वीडियो साझा किया था, जिसमें दावा किया गया था कि इसे इसलिए मार डाला गया ताकि इसका मांस बाजार में बेचा जा सके। 

मृत घोड़े के मांस बेचने का दावा

पुलिस ने कहा, ‘बडगाम पुलिस ने 'कश्मीर स्पीक्स' नामक फेसबुक पेज के एडमिन के खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।’ पुलिस ने 26 अगस्त को खानसाहिब तहसील के रखाई गांव में एक घोड़े को मार डालने के संबंध में एक मामला दर्ज किया था। मृत घोड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ व्यापक रूप से प्रसारित किया गया था कि जानवर को इसलिए मार डाला गया ताकि उसका मांस बाजार में बेचा जा सके। 

पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

पुलिस ने कहा कि यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया जब घाटी में कश्मीर के अधिकतर रेस्त्रां में सड़ा हुआ मांस बेचे जाने के सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि घोड़े की मौत की पुलिस जांच में पता चला है कि यह घटना दो पक्षों के बीच विवाद के कारण हुई थी। 

फेसबुक फेक पोस्ट पर पुलिस का एक्शन

पुलिस ने कहा, ‘हालांकि, पांच अक्टूबर को यह पता चला कि फेसबुक पेज पर झूठी सूचना प्रकाशित की गई थी कि अरिजल के बाजार में मांस बेचने के लिए घोड़े को मार डाला गया, जिससे स्थानीय लोगों में अनावश्यक भय और दहशत उत्पन्न हुई।’ पुलिस ने खानसाहिब पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353-2 (झूठे बयान प्रसारित करना) के तहत एक मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी गई है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।