1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. डोडा में ‘AAP’ का ये कैसा प्रदर्शन? जाम में फंसी दो साल की बीमार बच्ची की चली गई जान, परिजन करते रहे अपील

डोडा में ‘AAP’ का ये कैसा प्रदर्शन? जाम में फंसी दो साल की बीमार बच्ची की चली गई जान, परिजन करते रहे अपील

 Published : Sep 09, 2025 10:37 pm IST,  Updated : Sep 09, 2025 10:43 pm IST

एंबुलेंस में सवार पीड़ित परिजन ट्रैफिक खाली करवाने के लिए पुलिस से अपील करते रहे उनकी किसी ने नहीं सुनी। बीमार बच्ची ने सड़कों पर आप के प्रदर्शन के बीच एंबुलेंस पर ही दम तोड़ दिया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक मेहराज मलिक को सख्त जन सुरक्षा कानून (PSA) के तहत हिरासत में लिए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन हो रहा है। मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक जाम में फंसने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बच्ची निमोनिया से पीड़ित थी और उसका परिवार उसे अस्पताल ले जा रहा था। 

परिजनों की अपील के बाद पुलिस ने नहीं जाने दिया

घटना की जांच शुरू कर दी गई है, क्योंकि लड़की के पिता ने दावा किया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से जाने नहीं दिया। अधिकारियों ने कहा कि बच्ची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठठरी से डोडा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज (GMC) ट्रांसफर किया जा रहा था, लेकिन पुल डोडा के पास शहर के नजदीक जाम में फंसी एम्बुलेंस में ही उसने दम तोड़ दिया। 

पुल डोडा के पास रोका गया था यातायात

पुलिस द्वारा मरीज को ले जा रहे वाहन के लिए रास्ता साफ करने की कोशिशों के बावजूद वह बच नहीं पाई। शहर के घंटाघर पर मलिक के समर्थकों द्वारा दिन भर जारी प्रदर्शन को देखते हुए पुल डोडा में यातायात रोक दिया गया था। 

विधायक की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने दिन में कई बार हल्का लाठीचार्ज कर घंटाघर से इन लोगों को हटाया, लेकिन महिलाएं समेत प्रदर्शनकारी बार-बार पुलिस को चकमा देकर वहीं लौटते रहे और अपने नेता की तुरंत रिहाई की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखा। 

झड़प में एक पुलिस अधिकारी भी घायल

उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सैकड़ों लोगों को शहर की ओर मार्च करने से रोकने की कोशिश के बाद प्रदर्शनकारियों के साथ हुई झड़प में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। मलिक के समर्थकों के प्रदर्शन को विफल करने के लिए मंगलवार को संवेदनशील इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।