1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अब बेटे के साथ फारूक अब्दुल्ला ने वंदे भारत में किया सफर, CM उमर हुए गदगद

अब बेटे के साथ फारूक अब्दुल्ला ने वंदे भारत में किया सफर, CM उमर हुए गदगद

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 19, 2025 09:07 pm IST,  Updated : Jun 19, 2025 09:12 pm IST

कटरा से श्रीनगर तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने पिता फारूक अब्दुल्ला के साथ सफर किया।

उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला- India TV Hindi
उमर अब्दुल्ला और फारूक अब्दुल्ला Image Source : @OMARABDULLAH/PTI

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को नव-उद्घाटित वंदे भारत ट्रेन में श्रीनगर से कटरा तक का सफर किया। इसकी जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि कटरा पहुंचने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों के मुताबिक, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उनके सलाहकार नसीर असलम वानी के साथ, उमर अब्दुल्ला गुरुवार सुबह कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे।

फारूक अब्दुल्ला ने दूसरी बार की यात्रा

फारूक अब्दुल्ला ने इससे पहले 10 जून को भी श्रीनगर से कटरा तक इसी ट्रेन से यात्रा की थी। उस समय उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा था कि वह यह देखकर अभिभूत हैं कि कश्मीर अंततः देश के रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। तब अब्दुल्ला सुबह श्रीनगर के नौगाम रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए और कटरा पहुंचे थे। कटरा में उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी और नेशनल कॉन्फ्रेंस की जम्मू इकाई के अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने उनका स्वागत किया था। कटरा, माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए एक आधार शिविर है।

मेरी आंखों में खुशी के आंसू: अब्दुल्ला 

6 जून को वंदे भारत ट्रेन से यात्रा के बाद फारूक अब्दुल्ला ने कहा था, "कश्मीर को आखिरकार देश के रेल नेटवर्क से जुड़ता देख मैं अभिभूत हूं। मेरी आंखों में खुशी के आंसू हैं। मैं इसे संभव बनाने के लिए इंजीनियरों और श्रमिकों को बधाई देता हूं।" उन्होंने इस ट्रेन सेवा को लोगों की सबसे बड़ी जीत बताया, क्योंकि इससे यात्रा आसान होगी, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, और दोनों क्षेत्रों के बीच प्रेम और मित्रता भी मजबूत होगी।

6 जून को वंदे भारत का उद्घाटन  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून को कटरा से श्रीनगर और श्रीनगर से कटरा तक दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी। फारूक अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई थी कि आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान देश भर से यात्री बड़ी संख्या में पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन के लिए इस सुविधा का इस्तेमाल करेंगे। वार्षिक अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू होने वाली है और पवित्र गुफा मंदिर 3880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

ईरान से सुरक्षित वतन लौटे स्टूडेंट्स ने कहा- सरकार का शुक्रिया, बताया कैसे उन्हें रेस्क्यू किया गया

राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम और उसके प्रेमी राज को 2 दिन की पुलिस हिरासत, 3 अन्य न्यायिक रिमांड पर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।