1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. सर्दियों में बर्फबारी से प्रभावित इलाके में रहने वालों के लिए खुशखबरी, 2 नवंबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

सर्दियों में बर्फबारी से प्रभावित इलाके में रहने वालों के लिए खुशखबरी, 2 नवंबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 01, 2025 08:29 am IST,  Updated : Nov 01, 2025 08:48 am IST

जम्मू डिवीज़न के पहाड़ी और बर्फ़बारी वाले ज़िलों के लिए हेली सर्विस 2 नवंबर से शुरू होंगी ताकि इन इलाकों और राजधानी शहर के बीच लोगों का आना-जाना आसान हो सके।

पहाड़ी जिलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 2 नवंबर से। फाइल- India TV Hindi
पहाड़ी जिलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 2 नवंबर से। फाइल Image Source : REPORTER

जम्मूः जम्मू संभाग के दूरदराज और पहाड़ी जिलों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। प्रशासन ने 2 नवंबर से हेलीकॉप्टर सेवाओं को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है, जिससे राजौरी, पुंछ, डोडा और किश्तवाड़ जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक जिले में टिकट बुकिंग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं और हेलीपैड्स पर सुरक्षा, सफाई और यात्री सुविधाओं की उचित व्यवस्था की जाए।

सर्दियों के मौसम में लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

प्रशासन का कहना है कि इन सेवाओं का उद्देश्य दुर्गम इलाकों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और आम नागरिकों, विशेष रूप से बीमार, बुजुर्ग और छात्रों को राहत देना है। सर्दियों के मौसम में जब सड़कें बर्फबारी या भूस्खलन से बंद रहती हैं, तब यह हेली सेवा जीवनरेखा साबित होती है।

यात्रियों को मिलेगी किराए में रियायत

गौरतलब है कि केंद्र सरकार पहले ही जम्मू-मेनधार मार्ग पर सब्सिडाइज्ड हेलीकॉप्टर सेवा को मंजूरी दे चुकी है, जिससे यात्रियों को रियायती दरों पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने यह भी कहा है कि उड़ानों की दरें और समय-सारणी जल्द सार्वजनिक की जाएगी ताकि लोग इस सेवा का पूरा लाभ उठा सकें। यह पहल जम्मू-कश्मीर प्रशासन की उस कोशिश का हिस्सा है, जिसके तहत दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मज़बूत बनाकर आम जनता को राहत पहुंचाई जा सके।

बारिश और बर्फबारी का अनुमान 

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने गुरुवार को 4-5 नवंबर के दौरान जम्मू और कश्मीर के ऊंचे इलाकों में थोड़ी बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू और कश्मीर में मौसम 3 नवंबर तक सूखा रहेगा। उन्होंने कहा कि 4 नवंबर (शाम/रात) से 5 नवंबर (सुबह) के दौरान कश्मीर डिवीज़न के कुछ इलाकों और जम्मू डिवीज़न के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना के साथ मौसम में बादल छाए रहने की संभावना है। उन्होंने जम्मू और कश्मीर में कई जगहों पर 5 नवंबर से दिन और रात के तापमान में काफी गिरावट की सलाह दी। अधिकारी ने कहा कि 6 से 10 नवंबर के दौरान मौसम सूखा रहने की संभावना है, और किसानों को खेती के सभी काम जारी रखने की सलाह दी।

रिपोर्ट- राही कपूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।