1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. भारत-पाक के तनाव के बीच आम जनता से पुलिस की खास अपील, सोशल मीडिया पर न करें ये काम

भारत-पाक के तनाव के बीच आम जनता से पुलिस की खास अपील, सोशल मीडिया पर न करें ये काम

 Published : May 08, 2025 12:02 am IST,  Updated : May 08, 2025 12:08 am IST

भारत पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग कई तरह के वीडियो और फोटो शेयर कर रहे हैं। इस बीच, पुलिस ने लोगों से खास अपील की है।

भारत पाकिस्तान के बीच तनाव- India TV Hindi
भारत पाकिस्तान के बीच तनाव Image Source : FILE PHOTO

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को लोगों को आगह किया है कि वह यहां सुरक्षा तैनाती, सैन्य अभियान गतिविधियों या संवेदनशील स्थानों से संबंधित कोई भी सामग्री (फोटो, वीडियो, अन्य) सोशल मीडिया पर साझा न करें। 

पुलिस ने की ये खास अपील

पुलिस ने परामर्श जारी कर कहा, 'जम्मू जिले के सभी नागरिकों को सख्त रूप से सलाह दी जाती है कि वे सुरक्षा तैनाती, सैन्य अभियान गतिविधियों या संवेदनशील स्थानों से संबंधित किसी भी सामग्री को सोशल मीडिया या किसी अन्य सार्वजनिक मंचों पर साझा, अपलोड या प्रसारित न करें।’ 

आतंकी ठिकानों पर बम बरसाए जाने के बाद की गई अपील

पुलिस ने कहा, ‘ये सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। ऐसा करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’ भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमला किए जाने के कुछ घंटों के बाद यह परामर्श जारी किया गया है।'

शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखें

पुलिस द्वारा साझा किए गए संदेश में कहा गया, ‘जम्मू जिला पुलिस सभी से जिम्मेदारी के साथ काम करने और ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह करती है जो सुरक्षा अभियानों की प्रभावशीलता से समझौता कर सकती हैं या जीवन को खतरे में डाल सकती हैं। शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस समय आपका सहयोग महत्वपूर्ण है।’

आतंकी हमले में गई थी 26 लोगों की जान

बता दें कि भारत ने यह हमला दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में किया। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 नागरिक मारे गए थे और मरने वालों में ज्यादातर लोग पर्यटक थे। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।