1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल का भंडाफोड़, गिरफ्तार हुए आतंकियों के 4 मददगार

श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल का भंडाफोड़, गिरफ्तार हुए आतंकियों के 4 मददगार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 24, 2024 09:59 am IST,  Updated : Mar 24, 2024 09:59 am IST

श्रीनगर में पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।

मददगारों के पास से छह चीनी ग्रेनेड सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद- India TV Hindi
मददगारों के पास से छह चीनी ग्रेनेड सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सुरक्षा बलों ने शनिवार को चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने श्रीनगर में सुरक्षा बलों के साथ मिलकर चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेईएम से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।

आतंकवादी सहयोगियों की हुई पहचान

प्रवक्ता ने कहा कि विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए शनिवार शाम शहर के बाहरी इलाके नौगाम के केनिहामा इलाके में एक संयुक्त मोबाइल वाहन चेक पोस्ट (एमवीसीपी) स्थापित की गई। प्रवक्ता ने कहा, चेकिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने एक वाहन को रोका और चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने उनकी पहचान मोहम्मद यासीन भट, शेराज़ अहमद राठेर और गुलाम हसन खांडे के रूप में की है। ये तीनों लछनम्बल जाफरान कॉलोनी पंथा चौक के रहने वाले हैं, जबकि इम्तियाज अहमद फ्रेस्टाबल पंपोर का रहने वाला है।

प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेईएम से जुड़े थे

प्रवक्ता ने कहा कि उनके पास से तीन मैगजीन के साथ एक AK- 56 राइफल, 7.62 x 39 मिमी के 75 राउंड, दो मैगजीन के साथ एक ग्लॉक पिस्तौल, 9 मिमी के 26 राउंड और छह चीनी ग्रेनेड सहित आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया कि पकड़े गए व्यक्ति प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेईएम से जुड़े हुए थे। प्रवक्ता ने कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। (भाषा- PTI)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।