1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू कश्मीर: कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू कश्मीर: कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

 Reported By: Manzoor Mir, Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 08, 2025 08:34 am IST,  Updated : Nov 08, 2025 08:50 am IST

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में 2 आतंकी मारे गए हैं। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के ऊपर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। सर्च ऑपरेशन अभी भी चलाया जा रहा है।

terrorists- India TV Hindi
कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकी ढेर Image Source : ANI/REPRESENTATIVE PIC

कुपवाड़ा: जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान 2 आतंकी मारे गए हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आतंकवाद को लेकर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को चुनौती दी, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकी मारे गए। 

हालही में गिरफ्तार हुए थे 3 आतंकी

हालही में श्रीनगर पुलिस ने देर रात ममता चौक, कोनाखान, डलगेट के पास से 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। ये गिरफ्तारी गुरुवार देर रात हुई थी। इनकी पहचान शाह मुतैयब (निवासी कुलीपोरा खानयार), कामरान हसन शाह (निवासी कुलीपोरा खानयार) और मोहम्मद नदीम (निवासी मेरठ, वर्तमान में खानयार के कावा मोहल्ला) के रूप में हुई थी और इनके पास से एक देसी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।

किश्तवाड़ में भी हुई थी मुठभेड़

इसी महीने किश्तवाड़ में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान एक जवान घायल हो गया था। मुठभेड़ तड़के किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में हुई थी। 

खुफिया रिपोर्ट में हुआ था चौंकाने वाला खुलासा

नवंबर के शुरुआती हफ्ते में ये रिपोर्ट सामने आई थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह खासतौर से लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM), जम्मू और कश्मीर में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे हैं। भारतीय जवानों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' मिशन के छह महीने बाद आतंकी एक बार फिर सिर उठाने की कोशिश में हैं। हालांकि सुरक्षाबल अलर्ट मोड पर हैं और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन सिंदूर के बाद से आतंकियों के बीच डर का माहौल है और वह किसी भी तरह का हमला करने से पहले फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।