1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. स्कूटी सवार बुजुर्ग को थार ने जानबूझकर मारी टक्कर, उसके गिरने के बाद कार को बैक गेयर में लेकर फिर से कुचला-VIDEO

स्कूटी सवार बुजुर्ग को थार ने जानबूझकर मारी टक्कर, उसके गिरने के बाद कार को बैक गेयर में लेकर फिर से कुचला-VIDEO

 Published : Jul 28, 2025 07:31 pm IST,  Updated : Jul 28, 2025 10:50 pm IST

वीडियो देखने के बाद ऐसा लग रहा है जैसे थार चालक ने जानबूझ कर उसे कुचला है। वह उसकी पूरी तरह से जान लेने पर उतारू दिख रहा था। टक्कर मारने के बाद बुजुर्ग को कार चालक ने धमकी भी दी है।

तेज रफ्तार कार से बुजुर्ग को कुचला- India TV Hindi
तेज रफ्तार कार से बुजुर्ग को कुचला Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू के गांधी नगर इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक थार चालक ने पहले स्कूटी सवार बुजुर्ग को अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से टक्कर मारी और फिर वाहन को पीछे कर दोबारा उसी बुजुर्ग को बेरहमी से कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

टक्कर मारने के बाद बुजुर्ग को दी धमकी

घटना में उपयोग हुई थार काप की पहचान भी हो गई है, जो कि JK के नंबर से ही रजिस्टर्ड है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद न सिर्फ आरोपी ने बुजुर्ग को गालियां दीं, बल्कि धमकी भी दी गई कि अगर उसने शिकायत की तो अंजाम और भी बुरा होगा। राहगीरों ने जैसे-तैसे घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया।

जानबूझकर किया गया ये हमला

गांधी नगर के लोगों में इस घटना को लेकर जबरदस्त गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानलेवा हमला था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने जानबूझकर हमला किया, जिससे साफ होता है कि मामला गहरी रंजिश या मानसिक विकृति का हो सकता है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

गांधी नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 307 (हत्या की कोशिश) समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

घटना का वीडियो भी आया सामने

घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस के पास पुख्ता साक्ष्य हैं। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो की मदद से आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

स्थानीय लोगों में गुस्सा

इस निर्मम कृत्य ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या आम आदमी सड़कों पर सुरक्षित है? स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

थार भी जब्त, चालक भी लिया गया हिरासत में

स्कूटी सवार को टक्कर मारने वाले थार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 109 लगाई गई है। थार को जब्त कर लिया गया है। थार मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्ट- राही कपूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।