1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, राहुल और प्रियंका गांधी का नाम शामिल

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, राहुल और प्रियंका गांधी का नाम शामिल

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 06, 2024 06:54 am IST,  Updated : Sep 06, 2024 06:54 am IST

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने स्टार कैंपेनरों की लिस्ट जारी कर दी है। बता दें कि इस लिस्ट में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का भी नाम शामिल है।

Jammu Kashmir Assembly Elections Congress releases list of star campaigners includes names of Rahul - India TV Hindi
कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट Image Source : FILE PHOTO

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा का नाम शामिल है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कांग्रेस द्वारा निर्वाचन आयोग को सौंपी गई प्रचारकों की सूची में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, के सी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, गुलाम अहमद मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का नाम भी शामिल है। 

स्टार प्रचारकों में 40 नेताओं के नाम

कांग्रेस के चुनाव प्रचारकों की सूची में शामिल 40 नेताओं में पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख तारिक हमीद कर्रा, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विकार रसूल वानी, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, अजय माकन, सैयद नसीर हुसैन, रजनी पाटिल, राजीव शुक्ला और मनीष तिवारी का भी नाम है। कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत, अमेठी के सांसद किशोरीलाल शर्मा, एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार और भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख श्रीनिवास बीवी का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। जम्मू-कश्मीर की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

राहुल गांधी पहुंचे जम्मू कश्मीर

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जम्मू कश्मीर में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलांयस’ (‘इंडिया’) के सहयोगियों की मदद से केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल करना सुनिश्चित करेगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने अगले महीने अपनी पार्टी के गठबंधन की सरकार बनने का विश्वास जताया। कांग्रेस का जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन है। जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को तीन चरणों में होंगे। तत्कालीन जम्मू कश्मीर राज्य को अगस्त 2019 में दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किये जाने और इसका विशेष दर्जा रद्द किये जाने के बाद यहां पहली बार चुनाव हो रहे हैं। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।