जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर हुए हैं, जबकि सुरक्षाबलों के तीन जवान भी वीरगति को प्राप्त हुए हैं। मुठभेड़ में चार जवान घायल हुए हैं। घायलों में एक सेना का एक जवान भी शामिल है, जिसे मिलिट्री अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। कठुआ में सुरक्षाबल बीते 4 दिनों से बड़े स्तर पर आतंकवाद रोधी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह राजबाग के घाटी जुथाना इलाके में जखोले गांव के पास सुरक्षाबलों का सामना आतंकवादियों से हुआ। रविवार को हीरानगर सेक्टर में जहां मुठभेड़ हुई थी, वहां से ये जगह लगभग 30 किलोमीटर दूर है।
आतंकियों से मुठभेड़ जारी
अधिकारियों की ओर जानकारी दी गई है कि कठुआ में मुठभेड़ वाली जगह पर अतिरिक्त बल को भेजा गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। बता दें कि बीते रविवार की शाम को हीरानगर सेक्टर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच आधे घंटे से अधिक समय तक मुठभेड़ चली थी। ऐसा माना जा रहा है कि ये आतंकी उसी समूह का हिस्सा हैं जो रविवार शाम को मुठभेड़ के बाद भाग निकला था।
आतंकियों की खोज जारी
दरअसल, पाकिस्तानी सीमा के पास सान्याल गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद एसओजी ने आतंक रोधी अभियान शुरू किया था। कई किलोमीटर तक आतंकवादियों की खोज की जा रही है। सेना, एनएसजी, बीएसएफ, पुलिस, विशेष अभियान समूह और सीआरपीएफ के जवान इस अभियान में जुटे हैं और हेलीकॉप्टर, यूएवी, ड्रोन, बुलेटप्रूफ वाहन और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है।
भारत में कैसे घुसे आतंकी?
माना जा रहा है कि शनिवार को ये आतंकवादी या तो नाले के रास्ते या सीमा पार से बनाई गई नयी सुरंग के जरिए भारत की सीमा में दाखिल हुए थे। सोमवार को तलाशी अभियान में को हीरानगर में मुठभेड़ वाली जगह के पास एम4 कार्बाइन की चार मैगजीन, दो ग्रेनेड, एक बुलेटप्रूफ जैकेट, स्लीपिंग बैग, ‘ट्रैकसूट’, खाने-पीने के कई पैकेट और ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ बनाने के लिए सामान से भरे अलग-अलग पॉलीथीन बैग बरामद किए गए थे। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के हाथ लगा आंतकियों का ठिकाना, बरामद हुए हथियार और गोला-बारूद