1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. Weather Update: बर्फबारी और कोहरे से ढकी कश्मीर घाटी, पहलगाम में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड

Weather Update: बर्फबारी और कोहरे से ढकी कश्मीर घाटी, पहलगाम में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड

 Published : Dec 25, 2023 12:30 pm IST,  Updated : Dec 25, 2023 12:35 pm IST

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की सर्दी में और इजाफा हुआ है। घाटी में बीती रात न्यूनतम तापमान और गिर गया। वहीं कई जगहों पर सोमवार को घना कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा कि इस महीने ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

गुलमर्ग में बर्फबारी- India TV Hindi
गुलमर्ग में बर्फबारी Image Source : ANI

श्रीनगरः कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में लगातार दूसरी रात न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सोमवार को सुबह घने कोहरे के कारण घाटी में दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पिछली रात के शून्य से नीचे 2.1 डिग्री के तापमान से थोड़ा कम है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान

इससे पिछली रात को पारा शून्य से 3. 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, कश्मीर घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा। पहलगाम, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में शुमार है। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकेरनाग में पारा शून्य से 1.6 डिग्री नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

कोहरे ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

मौसम विभाग ने कहा कि महीने के अंत तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। श्रीनगर में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह सड़कों पर यातायात सामान्य से हल्का रहा जबकि दृश्यता कम होने के कारण वाहन धीमी गति से चलते दिखे। स्थानीय मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘श्रीनगर में सुबह साढ़े आठ बजे कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता 91 मीटर थी। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलानी चाहिए।

कोहरे के कारण उड़ान सेवा प्रभावित 

श्रीनगर हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब दृश्यता के कारण दिल्ली से कुछ उड़ानों में देरी हुई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें इस ओर से कोई समस्या नहीं है लेकिन दिल्ली में घने कोहरे के कारण श्रीनगर आने वाली कुछ उड़ानों में देरी हो रही है।’’ भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली में पालम के आसपास दृश्यता शून्य थी। 

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।