1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू कश्मीर: कठुआ में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, जवानों ने 2-3 आतंकियों को घेरा

जम्मू कश्मीर: कठुआ में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, जवानों ने 2-3 आतंकियों को घेरा

 Reported By: Manzoor Mir, Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 23, 2025 07:39 pm IST,  Updated : Mar 23, 2025 10:11 pm IST

जम्मू कश्मीर के कठुआ में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान उनका सामना 4-5 आतंकियों से हुआ और मुठभेड़ शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने 2-3 आतंकियों को घेर लिया है।

Kathua Encounter- India TV Hindi
इसी इलाके में एनकाउंटर जारी है Image Source : INDIA TV

जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों के जवानों ने 2-3 आतंकियों को घेर लिया है और दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। एनकाउंटर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने की आवाज सुनी जा सकती है। कठुआ जिले में हीरानगर सेक्टर के सनियाल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है।

सूत्रों के मुताबिक, 4-5 आतंकियों के इलाके में घुसपैठ करने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय दंपति खेतों में काम कर रहा था, उन्होंने संदिग्ध बंदूकधारियों को देखा और इसकी जानकारी सुरक्षाबलों को दी। इसके तुरंत बाद बीएसएफ, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया।

सुरक्षा एजेंसियों को मिला था घुसपैठ का इनपुट

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों को इस तरह की घुसपैठ की कोशिशों को लेकर अलर्ट मिला था, जिसके चलते हाई अलर्ट भी जारी किया गया था। फिलहाल, सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है, और इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से अभी तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

संयुक्त टीम ने आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया

पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान पुंछ जिले के सुरनकोट के सांगला टॉप इलाके के पास एक ठिकाने का पता लगाया। तलाशी के दौरान, 23 मैगजीन के साथ तीन एके राइफल, पिस्तौल की गोलियां, सात ग्रेनेड, टाइम बम, ड्रग्स और अन्य विस्फोटक सामान बरामद किए गए। इस बीच, पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

(कठुआ से राही कपूर की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।