1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कुलगाम में हिट-एंड-रन केस का एक घंटे में खुलासा, स्कूली छात्रा की मौत के बाद ड्राइवर गिरफ्तार; देखें CCTV वीडियो

कुलगाम में हिट-एंड-रन केस का एक घंटे में खुलासा, स्कूली छात्रा की मौत के बाद ड्राइवर गिरफ्तार; देखें CCTV वीडियो

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 28, 2026 06:16 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 06:16 pm IST

एक हिट-एंड-रन हादसे में एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई और दो अन्य छात्राएं घायल हो गईं। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

Kulgam hit and run case, Jammu Kashmir accident, school girl death Kulgam- India TV Hindi
तेज रफ्तार ह्युंडई आई20 कार ने 3 छात्राओं को टक्कर मार दी। Image Source : REPORTER INPUT

कुलगाम: जम्मू एवं कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिट-एंड-रन के एक मामले को महज एक घंटे के भीतर सुलझा लिया। इस घटना में एक स्कूली छात्रा की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य छात्राएं घायल हो गईं। यह घटना सोमवार को कुलगाम के कुलबाग–काजी मोहल्ला लिंक रोड पर हुई, जब एक ह्युंडई आई20 कार ने 3 स्कूली छात्राओं को टक्कर मार दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार अब्दुल करीम राथर का बेटा रईस अहमद राथर चला रहा था, जो कुरिगाम से काजीगुंड की ओर जा रहा था।

इलाज के दौरान हुई एक छात्रा की मौत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज रफ्तार ह्युंडई आई20 कार से हुई टक्कर में काजीगुंड के मोहम्मद अल्ताफ पर्रे की बेटियों फातिमा जान और तहमीना जान और  सल्यालू के मोहम्मद अल्ताफ जाहिद की बेटी आलिया जान को टक्कर मार दी। इस हादसे में फातिमा जान को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाकी 2 छात्राओं को मामूली चोटें लगीं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए काज़ीगुंड के आपातकालीन अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल फातिमा जान को डॉक्टरों ने बचा नहीं सके और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(A) के तहत केस दर्ज किया।

घटना के कुछ समय बाद ही आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी ड्राइवर घटनास्थल से भाग गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसे कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया और पूरा मामला सुलझा दिया। कुलगाम के पुलिस अधीक्षक ने इस घटना के बाद ड्राइवरों से अपील की कि वे स्कूलों, बाजारों और रिहायशी इलाकों के पास वाहन धीमी गति से चलाएं, पूरी सतर्कता बरतें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी सड़क दुर्घटना में सबसे पहले घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने में मदद करें, मौके से भागने की कोशिश न करें और तुरंत पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता मिल सके।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।