1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: दर्शन के लिए खुले मचैल माता मंदिर के कपाट, श्रद्धालुओं के लिए निर्देश जारी

जम्मू-कश्मीर: दर्शन के लिए खुले मचैल माता मंदिर के कपाट, श्रद्धालुओं के लिए निर्देश जारी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 14, 2025 05:54 pm IST,  Updated : Apr 14, 2025 05:54 pm IST

प्रसिद्ध मचैल माता मंदिर एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। बैसाखी के शुभ मौके पर मंदिर के पट खोले गए हैं। यह मंदिर देवी दुर्गा के रूप मचैल माता को समर्पित है।

श्रद्धालुओं के लिए खुले मचैल माता मंदिर के कपाट- India TV Hindi
श्रद्धालुओं के लिए खुले मचैल माता मंदिर के कपाट Image Source : @AIRNEWSALERTS

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में स्थित प्रसिद्ध श्री मचैल माता मंदिर को सर्दियों के बाद एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। बैसाखी के शुभ अवसर पर मंदिर के पट खोले गए, जिससे साथ ही वार्षिक तीर्थयात्रा कार्यक्रम की भी औपचारिक शुरुआत हो गई। यह मंदिर देवी दुर्गा के रूप मचैल माता को समर्पित है और हर वर्ष यहां देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

इस शुभ अवसर पर जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने मंदिर पहुंचकर यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उनके साथ बीजेपी विधायक सुनील शर्मा और किश्तवाड़ के उपायुक्त राजेश कुमार शवन भी मौजूद रहे। मंदिर खुलने से पहले स्थानीय पुजारी पहलवान सिंह के घर से देवी मचैल माता की मूर्ति को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मंदिर तक लाया गया। पूरे आयोजन के दौरान भव्य मेला भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

सुविधाओं की समीक्षा

संभागीय आयुक्त ने अपने दौरे के दौरान यात्रा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए सुरक्षा प्रबंधों, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने और सभी आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं से अपील

उपायुक्त शवन ने संभागीय आयुक्त को जानकारी दी कि स्थानीय हितधारकों, पुलिस और नागरिक प्रशासन के सहयोग से यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी स्वास्थ्य और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। (इनपुट भाषा)

ये भी पढ़ें-

कैसे हुई थी नागपुर की महिला डॉक्टर की हत्या? पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, पति और देवर गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद हिंसा: जाफराबाद में हिंदुओं के ज्यादातर दुकान-मकान जले, मंदिर भी तहस-नहस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।