महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए उसके पति और देवर को गिरफ्तार किया है। इस हत्या को एक डकैती से संबंधित क्राइम बताने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने जानकारी देते हुए इसे प्लांड मर्डर बताया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका डॉ. अर्चना नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में फिजियोथेरेपी विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थीं। वहीं, महिला के पति डॉ. अनिल राहुले रायपुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाता है। पुलिस ने बताया कि अनिल को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। अनिल अक्सर अपनी पत्नी से लड़ता था और उसके साथ मारपीट करता था।
कैसे रची गई हत्या की साजिश?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अनिल ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश अपने भाई राजू राहुले के साथ मिलकर रची थी। 9 अप्रैल को अनिल ने राजू को नागपुर के लाडीकर लेआउट स्थित अपने घर बुलाया। योजना के अनुसार, अनिल ने अपनी पत्नी अर्चना के पैर को पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उसका भाई राजू ने लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया। रॉड से हमले के बाद अर्चना की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को छिपाने के लिए दोनों भाइयों ने घर का सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम इस्तेमाल करके दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। 12 अप्रैल को अनिल दोबारा घर लौटा और जानबूझकर शोर मचाया, जिससे यह दिखाया जा सके कि उसे हत्या की जानकारी उसी वक्त हुई है। उसने पड़ोसियों को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी, जिससे पहली नजर में यह डकैती का मामला लग रहा था।
शव देख पुलिस को हुआ शक
हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में ही कुछ बातें संदिग्ध लगीं। पुलिस को शक हुआ जब उसने देखा कि शव सड़ चुका था। शव की स्थिति देखकर स्पष्ट हो गया कि हत्या पहले हुई थी। इसके अलावा, पुलिस को अनिल का व्यवहार असामान्य लग रहा था। अनिल बेचैन था और बेहोश होने का नाटक कर रहा था। जब पुलिस अधिकारियों ने अनिल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसके भाई राजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई और मकसद तो नहीं था। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
मेहुल चोकसी: हीरों की चकाचौंध वाला डायमंड किंग, शहंशाह से कैसे बना भगोड़ा, जानें पूरी कहानी
हिसार से अयोध्या पहुंची पहली फ्लाइट, PM मोदी ने किया था रवाना; अंदर ऐसा था लोगों का रिएक्शन