1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. ऊधमपुर में बड़ा हादसा, उफनते नाले में बह गए दो शिक्षक, शव हुए बरामद

ऊधमपुर में बड़ा हादसा, उफनते नाले में बह गए दो शिक्षक, शव हुए बरामद

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 30, 2025 04:56 pm IST,  Updated : Jul 30, 2025 05:05 pm IST

उधमपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। सनासर जाते समय दो शिक्षक एक उफनते नाले की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।

सड़क किनारे नाले के पास पड़ी मिली बाइक- India TV Hindi
सड़क किनारे नाले के पास पड़ी मिली बाइक Image Source : REPORTER INPUT

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच, उधमपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। सनासर जाते समय दो शिक्षक एक उफनते नाले की चपेट में आ गए। तेज बहाव के कारण वे बह गए और उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।

उनकी मोटरसाइकिल जिसका पंजीकरण नंबर JK14 D 9667 था, नथाटॉप-सनासर रोड पर जलेबी मोड़ के पास एक उफनते नाले में गिर गई। मृतकों की पहचान जगदेव सिंह पुत्र करतार सिंह और संजय कुमार पुत्र बोध राज के रूप में हुई है। दोनों घोड़ी, रामनगर, ऊधमपुर के निवासी थे और सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।

दोनों शिक्षक बाइक से हुए थे रवाना

जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षक 29 जुलाई 2025 से कुड स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। उसी दिन शाम को, DIET कुड में अपनी कक्षाएं अटेंड करने के बाद वे अपनी मोटरसाइकिल से सनासर क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें उसी दिन शाम 7:30 से 8:00 बजे के आस-पास सनासर क्षेत्र में देखा था, उस समय सनासर में भारी बारिश हो रही थी।

आज सुबह एक राहगीर ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि एक नीले रंग की मोटरसाइकिल सड़क किनारे नाले के पास पड़ी है। पुलिस टीमों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद लगभग 150 मीटर और 300 मीटर की दूरी से दोनों शव बरामद किए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, सनासर और उसके आसपास के इलाकों में लोगों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और बारिश के मौसम एवं अचानक बाढ़ के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि सनासर क्षेत्र में अभी भी बारिश हो रही है।

सलाल डैम के खोले गए गेट, अलर्ट जारी

वहीं, रियासी में सलाल डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद उसके गेट खोल दिए गए हैं, जिसके चलते प्रशासन ने ग्रामीण और निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे चिनाब नदी और अन्य जल निकायों के किनारे न जाएं। साथ ही, बच्चों और पशुओं को भी नदी से दूर रखने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की है।

(रिपोर्ट- राही कपूर)

ये भी पढ़ें-

असम और पश्चिम बंगाल की बदल रही डेमोग्राफी, यह समस्या टाइम बम की तरह: गर्वनर

"वो गोलियों से भूनते रहे, हम बिरयानी खिलाने चले", राज्यसभा में जेपी नड्डा का कांग्रेस पर वार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।