1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर के रामबन में महिला और उसके दो बच्चों की हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जम्मू-कश्मीर के रामबन में महिला और उसके दो बच्चों की हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 12, 2025 11:13 pm IST,  Updated : Sep 12, 2025 11:17 pm IST

जम्मू-कश्मीर के रामबन ज़िले में एक महिला और उसके दो बच्चों की कथित तौर पर हत्या के आरोप में बिहार के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक महिला और उसके दो बच्चों की हत्या के आरोप में बिहार के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह मामला तब प्रकाश में आया जब पुलिस को मंगलवार को बनिहाल के रतनबस्ती इलाके में राजमार्ग पर एक पुलिया के नीचे तीन शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। 

बिहार के रहने वाले हैं मृतक

जांच के दौरान पुलिस की नजर बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के अनिल कुमार नामक एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। इसके बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को कुलगाम जिले के मीर बाजार से उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि बाद में मृतकों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण की निवासी 30 वर्षीय धनमती देवी, उनकी नौ वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी और पांच वर्षीय बेटे यश कुमार के रूप में हुई। 

शवों पर चोट के निशान

पुलिस ने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आगे की जांच जारी है। शवों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और उनके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बनिहाल के अस्पताल ले जाया गया।

संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर की संपत्ति कुर्क 

वहीं, श्रीनगर में शुक्रवार को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर की आवासीय संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थों की समस्या से निपटने और मादक पदार्थों की तस्करी को समर्थन देने वाले बुनियादी ढांचे को ध्वस्त करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रीनगर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति कुर्क की है। उन्होंने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति में शहर के बटमालू में दंदरखा इलाके के लछमनपोरा निवासी वसीम अहमद बफंदा का पांच मरला से अधिक भूमि पर बना मकान शामिल है।

इनपुट-भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।