1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. लद्दाख के ज़ोजिला में भारी एवलांच से 7 लोगों की मौत, 5 यात्री घायल; श्रीनगर-लेह हाईवे बंद

लद्दाख के ज़ोजिला में भारी एवलांच से 7 लोगों की मौत, 5 यात्री घायल; श्रीनगर-लेह हाईवे बंद

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 27, 2026 08:04 pm IST,  Updated : Mar 27, 2026 10:19 pm IST

लद्दाख में ज़ोजिला पास के ज़ीरो पॉइंट एवलांच हुआ है। एवलांच से बर्फ के नीचे कई गाड़ियां दब गईं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

लद्दाख के ज़ोजिला में एवलांच- India TV Hindi
लद्दाख के ज़ोजिला में एवलांच Image Source : REPORTER

लद्दाख के ज़ोजिला में श्रीनगर-लेह हाईवे पर भारी एवलांच गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। जबकि एक लापता है। इस एवलांच में कई गाड़ियां दब गईं और यह अहम हाईवे बंद हो गया। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज़ोजिला दर्रे के 'ज़ीरो पॉइंट' पर हिमस्खलन की चपेट में एक यात्री वाहन के आने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि अचानक हुए भारी हिमस्खलन की चपेट में आने से एक शख्स लापता है। अधिकारी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के चिकित्सा केंद्रों में भेज दिया गया है। 

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स हैंडल पर कहा कि ज़ोजिला दर्रे पर वाहन के हिमस्खलन की चपेट में आने से 7 लोगों की दुखद मृत्यु और 5 लोगों के घायल होने की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

हाइवे पर गिरा एवलांच

प्रशासन ने बताया कि पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), SDRF और सोनमर्ग व द्रास के ज़िला प्रशासन को शामिल करते हुए एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया है। सड़क साफ़ करने और यह देखने के लिए कि क्या एवलांच में कोई लोग फंसे हुए हैं, लोग और मशीनें काम पर लगी हुई हैं। पुलिस ने बताया कि दोपहर में द्रास के ज़ोजिला पास पर 'कैप्टन-टर्न' के पास हाईवे पर जा रही गाड़ियों पर एवलांच गिरा।

द्रास के सब-डिविज़नल मजिस्ट्रेट विशाल अत्री ने बताया कि इस दुखद घटना में कई लोगों की मौत हुई  है। मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ गाड़ियां पूरी तरह से बर्फ़ के नीचे दबी हुई हैं। 

एलजी ने जताया शोक

 लद्दाख के एलजी वीके सक्सेना ने बताया कि ज़ोजी ला में हिमस्खलन की दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है। मैंने कारगिल के DC और SSP को निर्देश दिया है कि वे तुरंत घटनास्थल का दौरा करें और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से शुरू करें। आपदा राहत बलों और BRO सहित सभी सरकारी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मैं व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नज़र रख रहा हूं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।