1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. Jammu and Kashmir Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर की इस विधानसभा सीट पर सबसे कम उम्मीदवार

Jammu and Kashmir Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर की इस विधानसभा सीट पर सबसे कम उम्मीदवार

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 27, 2024 09:39 pm IST,  Updated : Aug 28, 2024 01:08 pm IST

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा का चुनाव तीन चरणों में होना है। वहीं पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख आज थी। पहले चरण के लिए कुल 280 लोगों ने नामांकन किया है।

जम्मू-कश्मीर चुनाव के पहले चरण का नामांकन पूरा।- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर चुनाव के पहले चरण का नामांकन पूरा। Image Source : PTI

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। यहां तीन चरणों में चुनाव संपन्न होना है। ऐसे में पहले चरण के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन था। आज शाम तक पहले चरण के चुनाव के लिए कुल 280 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। दरअसल, पहले चरण के तहत 24 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए नामांकन दाखिल होने का समय आज समाप्त हो गया है। ऐसे में हम ये भी जानेंगे कि किस सीट पर सबसे कम प्रत्याशियों ने नामांकन किया है और किस सीट पर सबसे ज्यादा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। 

इस सीट पर सिर्फ तीन उम्मीदवारों ने किया नामांकन

पहले चरण के तहत सबसे कम प्रत्याशियों के नामांकन की बात करें तो ये सीट श्रीगुफवारा-बिजबहेड़ा है। इस विधानसभा सीट पर केवल तीन लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं सबसे ज्यादा प्रत्याशियों के नामांकन वाली सीट की बात करें तो तीन ऐसी विधानसभा सीटें हैं जहां पर 16 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। ये सीटें पंपोर विधानसभा सीट, भद्रवाह विधानसभा सीट और डोडा विधानसभा सीट है। तीनों ही सीटों पर 16 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। 

तीन चरणों में होगा मतदान

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा 2019 में अनुच्छेद-370 को निरस्त किए जाने और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किए जाने के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के तहत यहां तीन चरणों 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को मतदान कराए जाएंगे। वहीं मतों की गिनती चार अक्टूबर को होगी। यहां पहले चरण में 24 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 27 अगस्त है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 28 अगस्त को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त और मतदान की तिथि 18 सितंबर है।

इन 24 सीटों पर पहले चरण में होगा मतदान

पहले चरण के तहत जिन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने हैं उनमें कश्मीर घाटी में पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डी. एच. पोरा, कुलगाम, देवसर, दूरू, कोकेरनाग (अजजा), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबहेड़ा, शंगस-अनंतनाग पूर्व और पहलगाम शामिल हैं। जम्मू क्षेत्र के इंदरवाल, किश्तवाड़, पड्डेर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल में चुनाव होंगे। 

यह भी पढ़ें- 

Jammu and Kashmir Assembly Elections 2024: बीजेपी ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट, इन 29 उम्मीदवारों के हैं नाम

Fact Check: क्या पहले से शादीशुदा हैं राहुल गांधी? जानें क्या है वायरल तस्वीर का पूरा सच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।