1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मेंढर में जबरदस्त फायरिंग, उरी, कुपवाड़ा-तंगधार सेक्टर में भी गोलीबारी

जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मेंढर में जबरदस्त फायरिंग, उरी, कुपवाड़ा-तंगधार सेक्टर में भी गोलीबारी

 Published : May 09, 2025 12:04 am IST,  Updated : May 09, 2025 12:29 am IST

पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार रात जम्मू-कश्मीर के उरी, कुपवाड़ा, तंगधार और करनाह सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार गोलीबारी की और संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मेंढर में जबरदस्त फायरिंग - India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मेंढर में जबरदस्त फायरिंग Image Source : ANI

श्रीनगरः भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान के हमले के बाद भारत ने भी पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। जम्मू-कश्मीर में बॉर्डर पर जहां भारी गोलीबारी हो रही है। पुंछ, मेंढर में जबरदस्त फायरिंग हो रही है। वहीं, उरी, कुपवाड़ा, तंगधार और केरन सेक्टर में भी भारी गोलीबारी हो रही है। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने उरी सेक्टर में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। भारतीय सेना भी बॉर्डर पर पाकिस्तान की गोलीबारी का करारा जवाब दे रही है।

मोर्टार और तोपों से गोलीबारी कर रहा है पाकिस्तान

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी तोपों का इस्तेमाल करते हुए नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के गोलीबारी तेज कर दी है। दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हो रही है। 

पाकिस्तान के हमले को किया नाकाम

रक्षा सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया पर आठ मिसाइलें दागीं जिसे हवा में ही नष्ट कर दिया गया। नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। सेक्टर में दोनों दोनों के बीच भारी गोलाबारी हो रही है।  

कई इलाकों में टोटल ब्लैकआउट

पाकिस्तान ने जम्मू एयरपोर्ट को निशाना बनाया, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। पाकिस्तान के हवाई हमले के मद्देनजर जम्मू संभाग के उधमपुर, उरी, पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़, अखनूर और सांबा जिलों में ब्लैकआउट कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोग सायरन बजते हुए सुने गए, जो सतर्कता बढ़ाने का संकेत है। 

सूत्रों ने कहा कि फलस्तीनी आतंकी समूह हमास की रणनीति की तरह जम्मू क्षेत्र में दागे गए कई मामूली रॉकेट को वायु रक्षा इकाइयों द्वारा सफलतापूर्वक रोका गया और बेअसर कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि मिसाइल को सतवारी (जम्मू हवाई अड्डा), सांबा, आरएस पुरा और अरनिया समेत प्रमुख स्थानों को टारगेट करके दागा गया था। 

जम्मू-कश्मीर में सभी शिक्षण संस्थान दो दिन के लिए बंद 

उधर, जम्मू-कश्मीर सरकार ने बृहस्पतिवार को एहतियात के तौर पर केंद्र शासित प्रदेश के सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को दो दिन के लिए बंद करने का आदेश दिया। सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।