1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पुंछ: शांति भंग करने के आरोप में शख्स के खिलाफ मामला दर्ज, सोशल मीडिया को लेकर पुलिस ने की खास अपील

पुंछ: शांति भंग करने के आरोप में शख्स के खिलाफ मामला दर्ज, सोशल मीडिया को लेकर पुलिस ने की खास अपील

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 01, 2025 07:30 pm IST,  Updated : Jun 01, 2025 07:38 pm IST

सोशल मीडिया के दुरुपयोग से शांति भंग करने के आरोप में एक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि सभी सोशल मीडिया मंचों पर नजर रखी जा रही है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PEXELS.COM

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग से शांति भंग करने के आरोप में एक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुंछ पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी, जिसमें बताया गया कि सालियान-सुरनकोट गांव निवासी एजाज अहमद के खिलाफ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने इस कदम को सांप्रदायिक सौहार्द, सार्वजनिक व्यवस्था और सभी नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के प्रति पुलिस की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी

पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अत्यंत जिम्मेदारी के साथ करें। साथ ही, उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की घटना की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने में देने का आग्रह किया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और क्षेत्र में शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

किश्तवाड़ में पीएसए के तहत दो गिरफ्तार

एक अन्य खबर में, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति और एक कुख्यात अपराधी सहित दो लोगों को जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने 29 मई को यह जानकारी दी। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान हंजाला निवासी रूस्तम अली, जो आतंकवादियों के लिए काम करता था, और गुरयान निवासी कुख्यात अपराधी अरशद हुसैन के रूप में हुई है। किश्तवाड़ के जिलाधिकारी राजेश कुमार श्रवण ने जम्मू-कश्मीर लोक सुरक्षा अधिनियम के तहत अली और हुसैन को हिरासत में लेने के लिए वारंट जारी किया था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।

आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता

संबंधित प्रशासन द्वारा तैयार किए गए डोजियर में रूस्तम अली के आचरण को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए हानिकारक पाया गया। यह सामने आया था कि वह आतंकवादियों को सहायता प्रदान करता था और जिले में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से शुरू करने एवं उसकी राह को सुगम बनाने में भी शामिल था।

कुख्यात अपराधी पर भी शिकंजा

दूसरे बंदी अरशद हुसैन के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार श्रवण ने बताया कि राष्ट्रविरोधी तत्वों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए किश्तवाड़ के जिलाधिकारी ने अब तक कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है। (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें-

"सत्ता, धन, भूमि, सिंडिकेट... असम सरकार में गहराई तक लिप्त", गौरव गोगोई बोले- कांग्रेस को मजबूत करना ही होगा

मलेशिया में अभिषेक बनर्जी की दो टूक- "पाकिस्तान से सिर्फ PoK वापस लेने पर हो बात, नहीं तो आतंकी हमले रहेंगे जारी"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।