1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. रेलवे ने जम्मू में 30 सितंबर तक के लिए 68 ट्रेनें रद्द कीं, 24 ट्रेनों को फिर से किया जाएगा शुरू

रेलवे ने जम्मू में 30 सितंबर तक के लिए 68 ट्रेनें रद्द कीं, 24 ट्रेनों को फिर से किया जाएगा शुरू

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 03, 2025 09:34 am IST,  Updated : Sep 03, 2025 09:34 am IST

उत्तर रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशनों से 30 सितंबर तक 68 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। भारी बारिश और बाढ़ से रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण यह फैसला लिया गया। हालांकि, 24 ट्रेनों को फिर से शुरू करने की योजना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांच लें ¹।

Railways canceled 68 trains in Jammu till 30 September 24 trains will be restarted- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

उत्तर रेलवे ने 30 सितंबर तक के लिए जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 68 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की जबकि 24 ट्रेनों को फिर से शुरू करने का कार्यक्रम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हाल ही में हुई भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण पठानकोट-जम्मू खंड में कई स्थानों पर रेल लाइन के गलत संरेखण और टूट-फूट के कारण पिछले आठ दिनों से जम्मू रेलवे संभाग में रेल यातायात स्थगित है। जम्मू क्षेत्र में 26 अगस्त (मंगलवार) से भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे बड़ी संख्या में लोग खासकर तीर्थयात्री फंस गए हैं। कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की जान चली गई। 

तीन ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू

बुधवार तक जम्मू क्षेत्र में 1910 के बाद से सबसे ज्यादा 380 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बताया, “स्थानीय लोगों और जम्मू तथा कटरा के बीच फंसे यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तीन ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।” वहीं मंगलवार शाम कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने घाटी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में मंगलवार शाम रुक-रुक कर बारिश हुई। 

झेलम नदी में बाढ़ की चेतावनी

उन्होंने बताया कि अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता हल्की से मध्यम रही, जबकि दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर हैं लेकिन अभी तक घाटी में झेलम नदी और अन्य जलाशय बाढ़ की चेतावनी के निशान से काफी नीचे हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम को बताया कि पीर पंजाल पर्वतमाला और दक्षिण कश्मीर के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या थोड़े समय के लिए तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले 16 घंटों के दौरान अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ संवेदनशील स्थानों पर बादल फटने, अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन या जलभराव की आशंका है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।