1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. Bhawanathpur Assembly Election 2024: भवनाथपुर से दूसरी बार जीत पाएगी BJP? पुराने कैंडिडेट पर जताया भरोसा

Bhawanathpur Assembly Election 2024: भवनाथपुर से दूसरी बार जीत पाएगी BJP? पुराने कैंडिडेट पर जताया भरोसा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 11, 2024 02:18 pm IST,  Updated : Nov 13, 2024 01:24 pm IST

Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड की भवनाथपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर भानु प्रताप शाही पर भरोसा जताया है, जिन्हें कड़ी टक्कर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता अनंत प्रताप देव देंगे।

भवनाथपुर विधानसभा चुनाव 2024- India TV Hindi
भवनाथपुर विधानसभा चुनाव 2024

Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर दो फेज में चुनाव होंगे। पहले फेज में 13 नवंबर को 43 सीटों पर और दूसरे फेज में 38 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। ऐसे में झारखंड की हाई प्रोफाइल सीटों की बात करें तो इनमें एक भवनाथपुर विधानसभा सीट भी है। भवनाथपुर झारखंड के गढ़वा जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर भानु प्रताप शाही पर भरोसा जताया है, जिन्हें कड़ी टक्कर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता अनंत प्रताप देव देंगे।

2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में भानु प्रताप शाही ने पहली बार बीजेपी को भवनाथपुर सीट से जीत दिलाई थी। इससे पहले 2005 में यहां से फॉरवर्ड ब्लॉक के टिकट पर भानु प्रताप शाही ने जीत हासिल की थी। 2014 के चुनाव भानु प्रताप शाही ने नवजवान संघर्ष मोर्चा के प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी। ऐसे में एक बार फिर यानी की 2024 के चुनाव में भानु प्रताप शाही चौथी बार यहां से जीत दर्ज करने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं।

किसके बीच मुकाबला?

भवनाथपुर सीट के प्रमुख उम्मीदवारों में बीजेपी नेता और मौजूदा विधायक भानु प्रताप शाही, झामुमो नेता अनंत प्रताप देव, समाजवादी पार्टी से उमेंद्र कुमार यादव और बहुजन समाज पार्टी (BSP) से पंकज कुमार शामिल हैं। झामुमो, कांग्रेस, आरजेडी और CPI-ML संयुक्त रूप से 'इंडिया' ब्लॉक के तहत झारखंड चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि NDA गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU), जनता दल (यूनाइटेड) और चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संयुक्त रूप से चुनाव लड़ रहे हैं।

भवनाथपुर का चुनावी इतिहास

साल 2000 में हुए विधानसभा चुनाव में समता पार्टी के रामचंद्र केसरी ने भवनाथपुर से इस सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके तुरंत बाद अलग राज्य झारखंड का गठन होने पर बाबूलाल मरांडी मरांडी सरकार में रामचंद्र केसरी को मंत्री बनने का मौका मिला। साल 2005 में फॉरवर्ड ब्लॉक टिकट पर भानु प्रताप शाही चुनाव लड़कर जीते और पहली बार विधायक बने। इसके बाद साल 2009 में कांग्रेस प्रत्याशी अनंत प्रताप देव विधायक बने। वहीं, साल 2019 में बीजेपी के टिकट पर भानु प्रताप शाही ने जीत हासिल कर बीजेपी को पहली बार इस सीट से कामयाबी दिलाई।

वर्तमान में NDA में सीट बंटवारे के तहत बीजेपी को 68, आजसू को 10, जेडीयू को 2 और एलजेपी (रामविलास) को 1 सीट दी गई है। इंडिया ब्लॉक में झामुमो 41 सीटों पर, कांग्रेस 30 सीटों पर, राजद 6 सीटों पर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।