झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को एक सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पलामू रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नौशाद आलम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह हादसा नवादा गांव में हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान तीन भाइयों अजय चौधरी (50), चंद्रशेखर चौधरी (42), राजू शेखर चौधरी (55) और माल्टू राम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 4 लोगों की मौत
गढ़वा के उपमंडल अधिकारी संजय कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह एक नवनिर्मित सेप्टिक टैंक था और यह घटना उस समय हुई जब एक के बाद एक चारों व्यक्ति शटरिंग हटाने के बाद सफाई करने के लिए टैंक में उतरे। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मदद से चारों को बाहर निकाला गया और गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक दूसरे मामले में अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के सरदार गंज गांव में नाले में डूबने से शुक्रवार को एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अमेठी में नाले में गिरने से एक युवक की मौत
पुलिस ने बताया कि गांव सरदार गंज निवासी विनोद कुमार (28) शुक्रवार को नाले में मछली पकड़ने गया था। पुलिस ने कहा कि पानी अधिक होने के कारण विनोद नाले में डूब गया और उसकी मौत हो गई। थाना मोहनगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि इसी तरह बीते दिनों दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक खुले सीवर नाले में एक बच्चे के गिरने की खबर सामने आई थी।
(इनपुट-भाषा)