1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Exclusive: अनिल शर्मा को याद आई नाना पाटेकर की सादगी, 'वनवास' के सेट पर लोगों को अपने हाथ से खिलाते थे खाना

Exclusive: अनिल शर्मा को याद आई नाना पाटेकर की सादगी, 'वनवास' के सेट पर लोगों को अपने हाथ से खिलाते थे खाना

 Reported By: Anindita Mukhopadhyay,  Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 09, 2026 11:57 am IST,  Updated : Oct 09, 2026 12:42 pm IST

फ़िल्ममेकर अनिल शर्मा ने 'वनवास' फिल्म के दौरान नाना पाटेकर के साथ काम करने का एक्सपीरियंस साझा करते हुए बताया कि कैसे वह सेट पर लोगों को अपने हाथ से खाना खिलाया करते थे और अपने आस-पास के लोगों के साथ बहुत अच्छे संबंध रखते थे।

Nana Patekar- India TV Hindi
नाना पाटेकर, अनिल शर्मा। Image Source : ANI

नाना पाटेकर के निधन से सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, पूरे देश में शोक की लहर है। नाना पाटेकर इंडस्ट्री के उम्दा कलाकारों में से एक थे, जिन्होंने जो भी किरदार निभाए, दर्शकों के दिलों में बस गए। कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया। मशहूर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर अनिल शर्मा ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जाहिर किया है। अनिल शर्मा ने 2024 की फिल्म 'वनवास' में पाटेकर के साथ काम किया था। अनिल शर्मा ने नाना पाटेकर को एक 'महान कलाकार' और 'असाधारण इंसान' बताते हुए उनके साथ काम करने का एक्सपीरियंस साझा किया। इंडिया टीवी से खास बातचीत में शर्मा ने 'वनवास' फिल्म में 75 साल के एक्टर के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने याद किया कि कैसे वे एक्टर सेट पर सभी से घुल-मिलकर रहते थे और सेट पर लोगों को अपने हाथों से लोगों को खाना खिलाते थे।

अनिल शर्मा ने नाना पाटेकर को किया याद

अनिल शर्मा ने 'वनवास' के सेट पर नाना पाटेकर के साथ बिताई अच्छी यादों को याद किया। अनिल शर्मा ने 'वनवास' के सेट पर पाटेकर के साथ काम करने के बारे में बात करते हुए कहा, 'नाना जी एक बहुत बड़े कलाकार थे, और यह नुकसान सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के लिए नहीं है, यह पूरे देश के लिए नुकसान है। वह बहुत समर्पित इंसान थे। उन्होंने पुणे में जल संरक्षण के लिए काम किया। जगंल, गांव और हर जगह घूमते थे और लोगों से मिलते थे। वे गरीबों के लिए भी बहुत काम करते थे और अपनी कमाई का आधे से ज्यादा हिस्सा दान कर देते थे।'

भावुक हुए अनिल शर्मा

उन्होंने 'वनवास' में नाना पाटेकर के साथ काम करने का एक्सपीरियंस साझा करते हुए कहा, 'उनके साथ बिताया हुआ समय मुझे याद है, जब वे सेट पर सभी को अपने हाथों से खाना खिलाते थे और सबसे बात करते थे। लोग कहते हैं कि उनके साथ काम करना मुश्किल था, लेकिन मुझे लगता है कि उनसे ज्यादा आसानी से किसी और के साथ काम नहीं किया जा सकता था। वह एक अद्भुत इंसान थे। एक अद्भुत व्यक्ति। उनके साथ मैंने बहुत अच्छा समय बिताया। मैं आपसे प्यार करता हूं नाना सर और हमेशा करता रहूंगा। आपकी बहुत याद आएगी। सिर्फ मैं ही नहीं, पूरी इंडस्ट्री आपसे बहुत प्यार करती है और आपको बहुत याद करेगी। ये बहुद दुखद है। उनके बेटे मल्हार से मेरी बात हुई। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। उन्हें मेरा प्रणाम, वे 'नटसम्राट' थे और दूसरा 'नटसम्राट' कोई दूसरा नहीं हो सकता।'

नाना पाटेकर के आखिरी पल

नाना पाटेकर अपने आखिरी पलों में गोवा स्थित अपने घर में थे, जहां देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कार्डियक अरेस्ट के बाद गुरुवार को तड़के 4.30 बजे के करीब नाना पाटेकर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें करीब 45 मिनट तक बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और 5.20 पर उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। डॉक्टर के अनुसार, नाना ने रात करीब 2:30 बजे एक दोस्त को मैसेज करके बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। देर रात होने के कारण दोस्त ने उस समय मैसेज नहीं देखा। बाद में उन्होंने नाना को फोन किया और सुबह करीब 4 बजे उनके घर पहुंचे। तब  नाना को बहुत पसीना आ रहा था और उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। धीरे-धीरे वे होश खोने लगे। उनके केयरटेकर को अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद उनके घर एम्बुलेंस भेजी गई। इमरजेंसी मेडिकल टीम ने नाना को अस्पताल ले जाने से पहले ही मौके पर कार्डियक मसाज शुरू कर दी थी। लेकिन, उन्हें नहीं बचाया जा सका।

ये भी पढ़ेंः 'कितने लोग आ रहे हैं?' जब फार्महाउस आ रहे फोटोग्राफर दोस्त से नाना पाटेकर ने किया सवाल, अतुल कासबेकर ने सुनाया किस्सा

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।