1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता ने बोली कड़वी बातें, AICWA ने लगाई फटकार, 'इविल डेड' बाले बयान पर सुनाई खरी-खोटी

नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता ने बोली कड़वी बातें, AICWA ने लगाई फटकार, 'इविल डेड' बाले बयान पर सुनाई खरी-खोटी

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 09, 2026 11:13 am IST,  Updated : Oct 09, 2026 03:40 pm IST

तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन के बाद एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कुछ ऐसी बातें कहीं जिसे लेकर वह ट्रोल्स से घिर गईं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी अभिनेत्री के बयान की जमकर आलोचना की है।

Nana Patekar- India TV Hindi
नाना पाटेकर के निधन पर किए कमेंट को लेकर ट्रोल हुईं तनुश्री दत्ता। Image Source : PTI/INSTAGRAM-@IAMTANUSHREEDUTTAOFFICIAL

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार, 8 अक्टूबर को निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर आते ही बॉलीवुड हस्तियों से लेकर राजनीति जगत के दिग्गजों तक ने शोक जताया। अक्षय कुमार, शाहरुख खान से लेकर अमिताभ बच्चन तक ने नाना पाटेकर पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दूसरी तरफ तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन के बाद उन्हें 'इविल डेड' कहते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसे लेकर वह ट्रोल्स से घिर गईं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी अब इस कमेंट को लेकर तनुश्री दत्ता को आड़े हाथ लिया है। नाना पाटेकर के निधन के बाद इस तरह के कमेंट को लेकर AICWA के संस्थापक और अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने एक्ट्रेस के बयान को 'सस्ती पब्लिसिटी' करार देते हुए उनके बयान की आलोचना की है।

 AICWA ने तनुश्री दत्ता के बयान की आलोचना की

एआईसीडब्ल्यूई ने अपने आधिकारिक बयान में लिखा- 'दिग्गज नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता के 'इविल डेड' वाले बयान की AICWA कड़ी निंदा करता है।' वहीं AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता कहते हैं- 'नाना पाटेकर जी के निधन के बाद तनुश्री दत्ता का स्टेटमेंट आता है, जिसमें उन्होंने इविल शब्द का इस्तेमाल किया था। AICWA तनुश्री दत्ता के इस बयान की कड़ी निंदा करता है। ये तनुश्री दत्ता का माइंडसेट दिखाता है। नाना जी एक सम्मानित व्यक्ति थे। सिर्फ एक अभिनेता नहीं, उन्होंने एक समाज सेवक के तौर पर भी काम किया। उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। देश के प्रधानमंत्री भी नाना जी के जाने पर शोक मना रहे हैं।'

'आपकी वजह से पूरी इंडस्ट्री का नाम खराब हो रहा है'- सुरेश श्यामलाल गुप्ता

'तनुश्री ने चीप पब्लिसिटी के लिए आज का दिन चुना, और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जो बॉलीवुड के इतिहास और पूरी भारतीय फिल्म जगत के इतिहास में किसी के भी जाने पर कोई नहीं करेगा। तनुश्री दत्ता के इस बयान के लिए आईसीडब्ल्यूए उनकी कड़ी निंदा करता है। आज नाना पाटेकर जी हमारे बीच में नहीं हैं और पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। तनुश्री जी आप लंदन जाओ, लखनऊ जाओ, आपका महत्वपूर्ण दिन है। आप लाइव आओ, जो करना है करो। आपमें किसी को इंटरेस्ट नहीं है। लेकिन, नाना जी के बारे में इंटरेस्ट है। अपनी चीप पब्लिसिटी के लिए आज का दिन चुनकर इंडस्ट्री का नाम खराब न करें। आप जैसे लोगों की वजह से पूरे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का नाम खराब हो रहा है। आज हमें बोलना पड़ा, क्योंकि अब नाना जी हमारे बीच में नहीं हैं। उनके जाने के बाद जब कोई ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करता है तो दुख होता है। चाहे उनका परिवार हो, देश हो या फिर फिल्म इंडस्ट्री, सभी आपके शब्दों के खिलाफ हैं।'

तनुश्री दत्ता को पड़ी फटकार

'आपने सिर्फ भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का ही नाम खराब नहीं किया है, बल्कि इंडस्ट्री के ऊपर एक चिह्न लगा दिया है। ये आपकी पर्सनल राय है  और कोई इसके बारे में नहीं जानना चाहता। नाना पाटेकर जी एक बड़े अभिनेता थे और वो जो भी थे, अपने बलबूते पर थे। उन्होंने  अपने दम पर इंडस्ट्री में काम किया और उनके बारे में किसी को भी बताने की जरूरत नहीं है। हमें ये बोलने में शर्म आ रही है कि आप हमारी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। आज के दिन शब्दों का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए था। उन्हें सम्मान दिया जा रहा है, उनके परिवार पर क्या बीतेगी इन शब्दों को सुनकर। लोगों पर क्या बीतेगी, जरा तो सोचिए। ये तो समझ आना चाहिए कि कौन सा शब्द कब और कहां कहना है। ये हमारी इंडस्ट्री की रीति के खिलाफ है। तनुश्री दत्ता के इस बयान के लिए AICWA उनकी कड़ी निंदा करता है।' 

तनुश्री दत्ता ने दी सफाई

दूसरी तरफ ट्रोल्स के निशाने पर आने के बाद तनुश्री दत्ता ने भी सफाई दी है। तनुश्री ने नाना पाटेकर के लिए इस्तेमाल किए गए अपने 'इविल डेड' वाले बयान पर हुई ट्रोलिंग पर रिएक्ट करते हुए कहा कि, 'मैं जिस दौर से गुजरी हूं, उसका दर्द कोई नहीं समझ सकता है। पांच साल केस चला, मुझे लालच दिया गया, धमकियां दी गईं, केस वापस लेने के लिए दवाब डाला गया, लेकिन मैंने केस वापस नहीं लिया। परेशान करने के लिए गाड़ी का एक्सीडेंट करने से लेकर फूड पॉइजनिंग तक की कोशिश की गई। मैं जिन चीजों से गुजरी हूं, वो मेरे लिए इविल डेड ही है। जो इंसान इस तरह की परिस्थितियों से गुजरा ही नहीं, उसे क्या पता होगा। हर किसी की परिस्थितियां अलग होती हैं, मैंने जो कहा अपने नजरिए से कहा।'

ये भी पढ़ेंः 'कितने लोग आ रहे हैं?' जब फार्महाउस आ रहे फोटोग्राफर दोस्त से नाना पाटेकर ने किया सवाल, अतुल कासबेकर ने सुनाया किस्सा

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।