1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पति ने चाकू घोंपकर की पत्नी की हत्या, आरोपी को ससुराल वालों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

पति ने चाकू घोंपकर की पत्नी की हत्या, आरोपी को ससुराल वालों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jun 26, 2025 05:49 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 05:49 pm IST

झारखंड के गिरिडीह जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इसके बाद जब आरोपी ने भागने की कोशिश की तो उसके ससुराल वालों ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।

giridih Husband stabbed his wife to death accused beaten to death by in laws- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

झारखंड के गिरिडीह जिले में एक 30 वर्षीय व्यक्ति को उसकी पत्नी की हत्या के आरोप में उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार देर रात मुफस्सिल पुलिस थाना क्षेत्र के लुकैया गांव में हुई, जब पति और पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हो गई और पति ने पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान छोटेलाल हांसदा और उनकी 25 वर्षीय पत्नी मीना मुर्मू के रूप में हुई है। सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने इस घटना को लेकर बताया कि हंसदा ने करीब आठ साल पहले मीना से शादी की थी।

क्या बोले पुलिस अधिकारी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों गिरिडीह के एक ही थाना क्षेत्र के निवासी थे, लेकिन उनके रिश्ते में तनाव था। मीना हाल ही में अपने माता-पिता के घर चली आई थी। इसके बाद उसका पति उसे वापस लेने के लिए ससुराल आया था। बुधवार की देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और छोटेलाल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस दौरान छोटेलाल ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें असफल रहा, क्योंकि उसे मीना के परिवार के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। 

पुलिस कर रही जांच

एसडीपीओ ने बताया कि इसके बाद छोटेलाल को पीट-पीटकर मार डाला गया। इस घटना की सूचना पाकर जब मौके पर पुलिस की टीम पहुंची तो उन्हें दोनों के शव मिले। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है। बता दें कि बीते दिनों झारखंड के गढ़वा में भी ऐसी ही एक घटना देखने को मिली थी। यहां शादी के एक महीने बाद ही पत्नी पर आरोप लगा कि उसने अपने पति को खाने में जहर देकर मार दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

(इनपुट-पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।