रांचीः झारखंड में बुधवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने 21 जून तक और बारिश होने का अनुमान जताया है। बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह और रांची समेत कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटे तक पूरे राज्य में झमाझम बारिश होने की संभावना है और इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने भारी बारिश के लिए झारखंड के पूर्वी सिंहभूमि, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और दुमका जिलों में 18 जून के लिए जबकि कोडरमा, हज़ारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़ और रांची जिलों में 19 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाली सड़कों पर सावधानी बरतने का आग्रह किया है। लोगों से बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने को कहा गया है।
21 जून तक झारखंड में बारिश के आसार
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि 21 जून तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है। आनंद ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून मंगलवार को राज्य में पहुंचा, जिसने 24 में से 18 जिलों को कवर किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा के कुछ और हिस्सों और गढ़वा, पलामू और चतरा जैसे शेष जिलों को कवर करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
लोहरदगा जिले में सबसे ज्यादा बारिश
झारखंड में मानसून पहुंचते हुए कई जिलों में आज सुबह झमाझम बारिश हुई। लोहरदगा जिले के कुरु में सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में सबसे अधिक 144 मिमी बारिश हुई। इस दौरान रांची में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सरायकेला-खरसावां के कुचाई में 124.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
6 दिन की देरी से पहुंचा मानसून
बता दें कि इस वर्ष झारखंड में मानसून अपने निर्धारित समय से छह दिन की देरी से पहुंचा है। हालांकि यह केरल में निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले 24 मई को ही पहुंच गया था। झारखंड में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 10 जून है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2010 से मानसून झारखंड में 12 जून से 25 जून के बीच पहुंच रहा है।
(पीटीआई इनपुट के साथ)