Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना, 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना, 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

Edited By: Akash Mishra @Akash25100607 Published : Jun 29, 2025 05:27 pm IST, Updated : Jun 29, 2025 05:27 pm IST

झारखंड की राजधानी में आज सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है। इस बीच IMD ने राज्य के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

झारखंड के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना और ऑरेंज अलर्ट जारी- India TV Hindi
Image Source : PEXEL झारखंड के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना और ऑरेंज अलर्ट जारी (प्रतीकात्मक फोटो)

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में एक जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि राजधानी रांची में रविवार सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है और दिन चढ़ने के साथ बारिश तेज होने की आशंका है। IMD द्वारा रविवार को जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार, खूंटी, रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। बता दें कि राज्य में एक जून से 28 जून के बीच सामान्य 170.3 मिलीमीटर के मुकाबले 306.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

एक जुलाई तक कौन से जिलों के लिए जारी किया गया ऑरेंज अलर्ट?

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, "उत्तर बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में झारखंड की ओर बढ़ने के कारण बारिश होगी।" आईएमडी ने 30 जून को खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं एक जुलाई को गुमला, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जलमग्न हुए स्कूल में फंसे कम से कम 162 विद्यार्थियों पुलिस मे निकला सुरक्षित निकाला

वहीं, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में भारी बारिश के बाद जलमग्न हुए एक स्कूल में फंसे कम से कम 162 विद्यार्थियों को रविवार को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के कारण स्कूल परिसर में पानी भर जाने के कारण शनिवार रात से ही विद्यार्थी स्कूल में फंसे हुए थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने बताया, "हमें सूचना मिली कि लव कुश आवासीय विद्यालय में भारी बारिश के कारण परिसर जलमग्न हो गया है, जिसमें 162 विद्यार्थी फंस गए हैं। शिक्षकों ने सभी छात्रों को छत पर भेज दिया था, जहां उन्होंने रात बिताई।" उन्होंने बताया, "आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से एक-एक करके छात्रों को स्कूल से बाहर निकाला।" (पीटीआई इनपुट)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement