1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. जेल से बाहर आते ही हेमंत सोरेन ने ठोकी ताल, BJP को चैलेंज देते हुए की यह बड़ी भविष्यवाणी

जेल से बाहर आते ही हेमंत सोरेन ने ठोकी ताल, BJP को चैलेंज देते हुए की यह बड़ी भविष्यवाणी

 Published : Jun 29, 2024 04:53 pm IST,  Updated : Jun 29, 2024 04:53 pm IST

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी को चैलेंज करते हुए कहा कि पार्टी की ताबूत में आखिरी कील ठोकने का वक्त आ गया है और आने वाले चुनावों में उसका सफाया हो जाएगा।

Hemant Soren, Hemant Soren News, Hemant Soren Latest- India TV Hindi
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। Image Source : X.COM/JMMJHARKHAND

रांची: जेल से बाहर आने के बाद अगले ही दिन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। JMM नेता सोरेन ने शनिवार को बीजेपी पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड से बीजेपी का सफाया हो जाएगा। अपने आवास पर JMM कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग बीजेपी को नहीं बख्शेंगे।

‘ताबूत में आखिरी कील ठोकने का वक्त’

JMM के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने कहा,‘बीजेपी के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है। आने वाले दिनों में झारखंड से बीजेपी का सफाया हो जाएगा।’ मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में झारखंड हाई कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के बाद सोरेन को शुक्रवार को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया। JMM नेता को ED ने 8.36 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच के सिलसिले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने सभी संवैधानिक प्रतिष्ठानों पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन लोगों ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाया है।

‘मैं बीजेपी को चुनौती देता हूं कि…’

बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,‘मेरी जानकारी में आया है कि वे विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रहे हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे जिस दिन चाहें चुनाव करा लें। झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने का भारतीय जनता पार्टी का सपना ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ जैसा होगा। बीजेपी कई राज्यों में आदिवासियों को मुख्यमंत्री बना रही है, लेकिन वे सिर्फ ‘रबर स्टाम्प’ हैं।’ बता दें कि शुक्रवार को जेल से रिहा होने के बाद हेमंत सोरेन ने अपने माता-पिता से भी मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।