1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. इसे कहते हैं मर मिटना... पति-पत्नी ने एक-दूसरे को ही मार डाला; शादी के बाद से ही चल रही थी कलह

इसे कहते हैं मर मिटना... पति-पत्नी ने एक-दूसरे को ही मार डाला; शादी के बाद से ही चल रही थी कलह

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 05, 2025 07:59 pm IST,  Updated : Nov 05, 2025 08:01 pm IST

झारखंड के देवघर में एक दंपत्ति का शव उनके किराए के कमरे से बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने चाकू से एक दूसरे को मार डाला। दोनों के बीच रात में लड़ाई हुई थी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

देवघर: झारखंड के देवघर जिले में बुधवार को वैवाहिक कलह में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को मार डाला। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला इतना आगे बढ़ गया कि हिंसक झड़प हो गई, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रवि शर्मा (30 वर्ष) और लवली शर्मा (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो देवघर शहर के बेलाबगान इलाके में अपने किराए के घर के अंदर मृत पाए गए।

मौके से चाकू बरामद

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि वैवाहिक कलह को लेकर दंपति ने मंगलवार रात एक-दूसरे से लड़ाई की थी। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। टाउन थाना प्रभारी राजीव कुमार ने कहा कि घटनास्थल पर एक चाकू मिला है। हालांकि, मौतों के पीछे के वास्तविक कारण का पता उचित जांच के बाद ही लगाया जा सकेगा।

शादी के बाद से ही चल रही थी कलह

उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि रवि शर्मा बिहार के सीवान से थे, जबकि उनकी पत्नी देवघर के जून पोखर इलाके से थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पति-पत्नी के बीच शादी के बाद से ही आपस में लड़ते थे। दोनों के बीच हमेशा किसी न किसी बात को लेकर लड़ाई होती रहती थी। 

बच्चे को लगाया गया 'गलत इंजेक्शन', मौत

वहीं, पलामू जिले में बुधवार को एक निजी क्लिनिक में कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाने से 14 महीने के बच्चे की मौत हो गई। पांकी इलाके के सगालिम परसिया गांव निवासी बच्चे के पिता अख्तर आलम ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करायी और मामला दर्ज कर लिया गया है। अपनी शिकायत में आलम ने दावा किया कि उनके बेटे को उल्टी हो रही थी इसलिए उसे क्लिनिक ले जाया गया। बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया गया और उसके कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पांकी थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।