1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. सुप्रीम कोर्ट के वकील को कार ने 50 फीट तक घसीटा, मौके पर मौत, लोगों ने ड्राइवर को पीटा

सुप्रीम कोर्ट के वकील को कार ने 50 फीट तक घसीटा, मौके पर मौत, लोगों ने ड्राइवर को पीटा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 23, 2026 01:34 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 01:34 pm IST

आरोपी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। कार उसके नियंत्रण से बाहर चली गई और सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद लोगों ने आरोपी ड्राइवर को जनकर पीटा, लेकिन वह मौका मिलते ही भाग गया।

Shashi bhushan- India TV Hindi
मृतक वकील शशि भूषण Image Source : REPORTER INPUT

झारखंड के जमशेदपुर में एक तेज रफ्तार कार ने सुप्रीम कोर्ट के वकील की जान ले ली। पीड़ित व्यक्ति सड़क के किनारे खड़ा हुआ था। तेज रफ्तार कार ने पीड़ित को जोरदार टक्कर मारी और उसे 50 फीट तक घसीटते ले गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई की। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया।

  
घटना जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड की है। यहां गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7 बजे माउंट व्यू स्कूल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक ने व्यक्ति को करीब 50 फीट तक घसीट दिया। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ड्राइवर की तलाश कर रही पुलिस

मृतक की पहचान डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है, जो सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता थे। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे और घर से कुछ ही देर में वापस आने की बात कहकर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भारत के इस राज्य में मिला दूसरे विश्व युद्ध के समय का बम, 227 किलोग्राम था वजन, डिफ्यूज किया गया

झारखंड: जब वर्कशॉप में फुफकारते हुए घुस गया जहरीला नाग, मचा हड़कंप, किया गया कैद-देखें वीडियो

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।