1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. मां को 5 हजार रुपये देकर घर से निकला था अविनाश, डोबो पुल पर लापता, स्कूटी-मोबाइल देख रो पड़े परिजन

मां को 5 हजार रुपये देकर घर से निकला था अविनाश, डोबो पुल पर लापता, स्कूटी-मोबाइल देख रो पड़े परिजन

 Published : Apr 15, 2026 09:00 am IST,  Updated : Apr 15, 2026 09:01 am IST

आशंका जताई जा रही है कि अविनाश कुमार ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी है। इसके बाद रातभर परिजन और स्थानीय लोग टॉर्च की मदद से नदी में तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अविनाश का एक छोटा बेटा भी है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

jamshedpur youth missing- India TV Hindi
डोबो पुल से लापता हुआ अविनाश, स्कूटी-मोबाइल बरामद। Image Source : REPORTER INPUT

जमशेदपुर के डोबो पुल पर मंगलवार देर रात एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके से युवक की स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी बरामद होने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार, परसूडीह के गोलपहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश कुमार मंगलवार रात करीब 11 बजे से लापता हैं। सूचना मिलने पर जब परिजन डोबो पुल पहुंचे, तो वहां अविनाश की स्कूटी, मोबाइल और चाबी लावारिस हालत में मिली, जबकि युवक का कोई पता नहीं चल सका।

स्वर्णरेखा नदी में कूदने की आशंका

घटना के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि अविनाश ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी है। इसके बाद रातभर परिजन और स्थानीय लोग टॉर्च की मदद से नदी में तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

'जल्दी घर आ जाऊंगा' कहकर गया था अविनाश

परिजनों के अनुसार, अविनाश पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। वह गोविंदपुर में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे वह घर से निकला था। निकलने से पहले उसने अपनी मां को 5 हजार रुपये दिए और जल्द ही घर वापस आने की बात कही थी।

नदी में तलाश जारी, परिवार की बढ़ी चिंता

अविनाश का एक छोटा बेटा भी है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आई, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोग लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।

(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)

यह भी पढ़ें-

दिन में फॉर्म वेरीफाई, रात को ट्रेन के आगे सुसाइड; वलसाड में तहसीलदार की चौंकाने वाली मौत

'मैं भी तेरे बिना रह नहीं सकता', स्टेटस लगाने के बाद ट्रेन के आगे कूद गया शख्स, सुबह पत्नी ने किया था सुसाइड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।