1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. Jharkhand Assembly Elections 2024: मनोहरपुर में किसका पलड़ा भारी? क्या हैं चुनावी समीकरण, यहां जानें सब कुछ

Jharkhand Assembly Elections 2024: मनोहरपुर में किसका पलड़ा भारी? क्या हैं चुनावी समीकरण, यहां जानें सब कुछ

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 24, 2024 06:17 am IST,  Updated : Oct 24, 2024 06:17 am IST

मनोहरपुर में जोबा मांझी को तीन बार जीत मिल चुकी है। पार्टी के लिहाज से देखा जाए तो 10 साल से यह सीट झामुमो के खाते में है। इस बार यहां कांटे की टक्कर हो सकती है।

Manoharpur- India TV Hindi
मनोहरपुर विधानसभा सीट Image Source : INDIA TV

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में पश्चिमी सिंहभूम जिले की मनोहरपुर सीट का मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। यह इलाका अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार यहां के राजनीतिक समीकरण चर्चा में हैं। मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस सीट पर झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) का कब्जा है। जोबा मांझी यहां से मौजूदा विधायक हैं।

मनोहरपुर विधानसभा सीट में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। यहां पर पिछले 10 साल से झामुमो का कब्जा है। यहां 13 नवंबर को मतदान होगा। यह निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। 2011 की भारत की जनगणना के अनुसार इसकी जनसंख्या 90,142 थी।

नामांकन की प्रक्रिया शुरू 

मनोहरपुर सीट पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 28 अक्टूबर को नामांकन की जांच की जाएगी और 30 अक्तूबर तक पर्चा वापस लिया जा सकता है। सामान्य उम्मीदवारों के लिए सिक्योरिटी मनी 10,000 रुपये निर्धारित है, जबकि एससी/एसटी उम्मीदवारों को 5,000 रुपये जमा करने होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च कर सकता है।

मनोहरपुर का चुनावी इतिहास

बिहार से अलग होकर झारखंड के नया राज्य बनने के बाद से अब तक यहां चार विधानसभा चुनाव हुए हैं। इनमें से तीन चुनाव जोबा मांझी ने जीते हैं। वहीं, एक बार बीजेपी के गुरुचरण नायक यहां से विधायक बने हैं। 2005 के चुनाव में जोबा माझी को 26,810 वोट मिले थे और वह विधायक बनी थीं। बीजेपी के गुरुचरण नायक इस चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे। उनको कुल 25,213 वोट मिले थे। 2009 में बीजेपी प्रत्याशी गुरुचरण नायक को सबसे अधिक 27,360 वोट मिले थे और वह विधायक बने थे। झामुमो प्रत्याशी नवमी उरांव 21,090 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। यूजीडीपी की उम्मीदवार जोबा मांझी तीसरे नंबर पर रहीं थीं। उनको कुल 20,828 वोट मिले थे।

2014 में झामुमो ने जोबा माझी को टिकट दिया और 50,558 वोट हासिल कर उन्होंने जीत हासिल की। बीजेपी के गुरुचरण नायक को कुल 40,989 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे। 2019 में एक बार फिर जोबा माझी ने जीत हासिल की और विधायक चुनी गईं। उनको 50,945 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी गुरु चरण नायक दूसरे स्थान पर रहे थे। उनको कुल 34,926 वोट मिले थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।