1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. कैसी है शिबू सोरेन की तबीयत? बेटे हेमंत ने दिया हेल्थ अपडेट, बोले- गुरुजी यह जंग भी जीतेंगे

कैसी है शिबू सोरेन की तबीयत? बेटे हेमंत ने दिया हेल्थ अपडेट, बोले- गुरुजी यह जंग भी जीतेंगे

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 24, 2025 08:23 pm IST,  Updated : Jul 24, 2025 08:24 pm IST

शिबू सोरेन की बीमारी के कारण झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य ज्यादातर दिल्ली में ही रह रहे हैं। शिबू सोरेन के स्वास्थ्य का हाल जानने राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े नामचीन हस्तियों का तांता लगा हुआ है।

shibu soren hemant soren- India TV Hindi
पिता शिबू सोरेन से आशीर्वाद लेते हुए हेमंत सोरेन। Image Source : PTI (FILE PHOTO)

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विश्वास जताया कि उनके पिता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन अपने स्वास्थ्य की जंग भी जीतेंगे, जिस प्रकार उन्होंने जीवन में कई लड़ाइयां लड़ी और जीती हैं। शिबू सोरेन पिछले एक महीने से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई प्रमुख नेताओं ने अस्पताल पहुंच कर उनका हालचाल लिया है।

परिवार के साथ दिल्ली में ही रह रहे CM हेमंत

सोरेन की बीमारी के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्य ज्यादातर दिल्ली में ही रह रहे हैं। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, "सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। हमें भी उम्मीद है...गुरुजी ने कई लड़ाइयां लड़ी हैं और यह जंग भी वह जरूर जीतेंगे। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।" 

एक महीने से चल रहा इलाज

शिबू सोरेन के स्वास्थ्य का हाल जानने राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े नामचीन हस्तियों का तांता लगा हुआ है। सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के कई नेताओं ने अस्पताल जाकर गुरुजी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी पिछले दिनों ली है। शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर दवा के साथ-साथ दुआएं भी की जा रही है। कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के द्वारा विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है।

जानकारी के मुताबिक शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, लेकिन पूर्ण रूप से ठीक होकर रांची वापस आने में वक्त लगेगा। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।