1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. हेमंत सोरेन की रिहाई से झारखंड का बढ़ा सियासी पारा, पूर्व सीएम बोले- साजिश करने वालों को देंगे मुंह तोड़ जवाब

हेमंत सोरेन की रिहाई से झारखंड का बढ़ा सियासी पारा, पूर्व सीएम बोले- साजिश करने वालों को देंगे मुंह तोड़ जवाब

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 30, 2024 07:29 am IST,  Updated : Jun 30, 2024 07:29 am IST

हेमंत सोरेन ने रांची में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा “सच्चाई को कोई नहीं छिपा सकता, वह देर-सबेर सामने आ ही जाती है। मैं एक बार फिर आपके बीच नेतृत्व प्रदान करने आया हूं।

hemant soren- India TV Hindi
हेमंत सोरेन Image Source : PTI

झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन के रिहा होने के बाद झारखंड में सियासी पारा बढ़ गया है। वह लगातार बीजेपी पर हमले कर रहे हैं। हेमंत सोरेन ने रांची में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा “सच्चाई को कोई नहीं छिपा सकता, वह देर-सबेर सामने आ ही जाती है। मैं एक बार फिर आपके बीच नेतृत्व प्रदान करने आया हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि लोकसभा चुनाव के नतीजों ने झारखंड के मूल निवासियों और आदिवासियों को ताकत दी है। मुझे जानकारी मिली है कि राज्य में (विधानसभा) चुनाव पहले हो सकते हैं और हम इसके लिए तैयार हैं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को रांची में मुलाकात करके इस वर्ष के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस प्रभारी कुमार ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन का ध्यान विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने पर है। उन्होंने कहा कि गठबंधन राज्य में तालमेल के साथ काम कर रहा है और आश्वस्त किया कि यह भविष्य में यह और मजबूत होगा। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि देश के लोग उचित समय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को माकूल जवाब देंगे। धन शोधन मामले में झारखंड उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद बिरसा मुंडा जेल से सोरेन को शुक्रवार को रिहा किया गया था। अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया वह दोषी नहीं हैं और जमानत के दौरान उनके किसी अपराध में शामिल होने की आशंका नहीं है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 8.3 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े धन शोधन मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। 

भाजपा पर साजिश करने का आरोप लगाया

हेमंत सोरेन ने शनिवार को भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा। अपने आवास पर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग भाजपा को नहीं बख्शेंगे। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है। आने वाले दिनों में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा।’’ 

समय से पहले चुनाव के लिए तैयार

हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सभी संवैधानिक प्रतिष्ठानों पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन लोगों ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी जानकारी में आया है कि वे विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रहे हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे जिस दिन चाहें चुनाव करा लें। झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने का भाजपा का सपना ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ जैसा होगा। भाजपा कई राज्यों में आदिवासियों को मुख्यमंत्री बना रही है, लेकिन वे सिर्फ ‘रबर स्टाम्प’ हैं।’’ 

बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया

सोरेन ने दावा किया कि पिछले पांच महीनों में झारखंड की प्रगति की गति ‘‘जानबूझकर धीमी कर दी गई’’ क्योंकि भाजपा झामुमो नीत गठबंधन की लोकप्रियता से डर गई है, जिसने आदिवासियों, गरीबों और वंचितों के लिए कल्याणकारी कदम उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा को भारत के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करने में महारत हासिल है। इसने लोगों को जाति, पंथ, धर्म और अमीर-गरीब के आधार पर बांट दिया है।’’ सोरेन ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि किस तरह प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें गिरफ्तार किया और लोग अब अदालत के आदेश को पढ़ रहे हैं। झामुमो नेता ने बिरसा चौक पर आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।