1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के 10 जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने बताया अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

झारखंड के 10 जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने बताया अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 03, 2025 11:23 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 11:33 pm IST

मौसम विभाग ने झारखंड के तीन जिलों में गुरुवार तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है।

झारखंड- India TV Hindi
झारखंड Image Source : PTI

रांचीः झारखंड में गुरुवार को मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 10 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश होगी। कम दबाव प्रणाली के प्रभाव के कारण कुछ जिलों में इस अवधि के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 

झारखंड के इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग ने झारखंड के तीन जिलों के लिए बृहस्पतिवार तक भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जिन तीन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है, उनमें गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले शामिल हैं। आईएमडी ने बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक सात जिलों- गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, सरायकेला खरसावां और पूर्वी सिंहभूम के लिए बारिश का ‘येलो अलर्ट’ (सावधानी बरतना) जारी किया है। 

तापमान में भारी गिरावट

लगातार बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। रांची में अधिकतम तापमान 26.1°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7°C कम और पिछले दिन की तुलना में 6.1°C कम है। जमशेदपुर में तापमान 28.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9°C कम है। बोकारो और चाईबासा में क्रमशः 4.6°C और 6.2°C की गिरावट दर्ज की गई। रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से पिछले तीन दिनों की भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 सितंबर तक रांची में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 26-30°C और न्यूनतम तापमान 22-23°C के बीच रहेगा। 7 और 8 सितंबर को गरज और बिजली के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और क्षेत्र में ठंडी और नम हवाएं चलेंगी।

 

झारखंड में हो रही भारी बारिश

रांची मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, ‘‘बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक पूरे झारखंड में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। झारखंड में एक जून से तीन सितंबर तक 26 प्रतिशत अतिरिक्त वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि के दौरान राज्य में 823.7 मिमी की सामान्य वर्षा के मुकाबले 1034.9 मिमी वर्षा हुई है।

राज्य में सबसे ज्यादा सरायकेला-खरसावां जिले में 65 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है, इसके बाद रांची में 54 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, पाकुड़ और देवघर में एक जून से तीन सितंबर के बीच क्रमशः 19 प्रतिशत और नौ प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

इनपुट- भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।