गढ़वाः झारखंड के गढ़वा जिले में दो साल की बच्ची के साथ उसके दूर के रिश्तेदार ने कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 22 वर्षीय आरोपी को चिनियां थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गढ़वा के उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रोहित रंजन सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता उसे लेकर सोमवार को अपने गांव में एक खराब पड़े ट्रैक्टर के पास गए थे। आरोपी भी कुछ देर बाद वहां पहुंच गया। वह बच्ची को लेकर वहां से चला गया। पिता को लगा कि वह उसे घर ले जा रहा है। रास्ते में एक सुनसान जगह पर उसने उसके साथ बलात्कार किया।
पीड़िता अस्पताल में भर्ती
पीड़िता के घर न पहुंचने पर उसके परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी उसे घर ले गया, लेकिन बिना कुछ बताए वहां से चला गया। एसडीपीओ ने आगे कहा कि लड़की रो रही थी और परिवार वालों को लगा कि कुछ गड़बड़ है। वे उसे अस्पताल ले गए और मामला सामने आया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
सिमडेगा में भी नाबालिग का रेप
वहीं, सिमडेगा जिले में एक लड़के ने 13 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिमडेगा के उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आरोपी की पहचान करने और उसे तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। सोरेन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "सिमेडगा के उपायुक्त और सिमडेगा पुलिस यह बिल्कुल असहनीय है।
आरोपी की पहचान करें और उसे तुरंत गिरफ्तार करें, सख्त से सख्त कार्रवाई करें। साथ ही लड़की और उसके पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें, उन्हें सभी सरकारी सहायता प्रदान करें और मुझे इस संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।" पुलिस अधीक्षक सिमडेगा मोहम्मद अर्शी ने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
रिपोर्ट- पीटीआई
संपादक की पसंद