धनबादः धनबाद के बीसीसीएल बरोरा एरिया के बाघमारा स्थित डुमरा एरिया ऑफिस के पास अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन बाइक से आए अपराधियों ने मांदरा के मुखिया पति शंकर बेलदार पर अंधाधुंध फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद समर्थक उन्हें आनन-फानन में धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक दो गोली उनके पैर में और एक गोली कमर में लगी है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।
हमले की खबर फैलते ही शंकर बेलदार के बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। वारदात की सूचना पर बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
बाइक से घर लौटते समय मारी गोली
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंकर बेलदार अपने सहयोगी श्रवण राय के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार अपराधियों ने घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि शंकर बेलदार को दो गोली लगी है। घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया गया है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग दबी जुबान से कह रहे हैं कि यह हमला किसी पुरानी रंजिश हो सकता है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में बुजुर्ग महिला की मौत
वहीं, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक व्यक्ति ने अपने ही पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग आदिवासी महिला की कथित तौर पर जादू-टोना करने के लिए हत्या कर दी। अधिकारी के मुताबिक घटना घाटशिला अनुमंडल के घनघोरी गांव में रविवार रात को हुई। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान सिंगो किस्कू (75) के रूप में हुई है और वह विधवा थी तथा घर में अकेली रहती थी। अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला का पड़ोसी कृष्णा हेम्ब्रम (33) उसके घर में जबरन दाखिल हो गया और दरांती से उसका गला रेत दिया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सोमवार सुबह खून से लथपथ शव को बरामद किया।
रिपोर्ट- कुंदन सिंह, धनबाद
संपादक की पसंद