1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंडः कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन गिरफ्तार, पुलिस ने घोषित किया था तड़ीपार

झारखंडः कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन गिरफ्तार, पुलिस ने घोषित किया था तड़ीपार

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Mar 11, 2026 04:53 pm IST,  Updated : Mar 11, 2026 04:57 pm IST

कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन का खेल खत्म हो गया है। पुलिस ने चटनी डॉन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे तड़ीपार घोषित किया हुआ था लेकिन वह अपने घर पर ही रह रही थी।

कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन गिरफ्तार- India TV Hindi
कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन गिरफ्तार Image Source : REPORTER

जमशेदपुरः जमशेदपुर के सोनारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार किया है। तड़ीपार घोषित होने के बावजूद प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन चोरी-छिपे अपने पैतृक घर में रह रही थी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने जमकर हंगामा किया। 

पुलिस ने आधी रात मारा रेड

 सिटी एसपी कुमार शिवाशीश ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधी इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मध्यरात्रि में ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी की। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वहां मौजूद संदिग्ध लोग फरार हो गए लेकिन सुनील सिंह के घर की तलाशी के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

कई संगीन मामले हैं दर्ज

पूछताछ में आरोपी किसी प्रकार का वैध अनुमति पत्र नहीं दिखा सकी और स्वीकार किया कि जिला निष्कासन के बावजूद वह सोनारी थाना क्षेत्र में अपने घर में रह रही थी। सिटी एसपी ने बताया कि झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 के तहत जिला निष्कासन आदेश का उल्लंघन करना संज्ञेय और दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ग्वाला बस्ती, सोनारी की रहने वाली है। उसके खिलाफ पहले से ही सोनारी थाना में रंगदारी, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उधर गिरफ़्तारी के बाद चटनी डॉन ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जमकर हंगामा किया और गाली गलौज करने लगी। किसी तरह से पुलिस कर्मियों ने चटनी डॉन को काबू में किया। 

रिपोर्ट- गंगाधर पांडे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।