धनबाद: झारखंड के धनबाद में भूमिगत खदानों से जहरीली गैस निकल रही है। इसके बाद इलाके के 1 हजार से अधिक लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि धनबाद के केंदुआडीह बस्ती के तमाम स्थानों पर खदानों से कार्बन मोनोऑक्साइड के कथित रूप से रिसाव की वजह से एक महिला की बुधवार को जान चली गई। वहीं, 12 लोग बीमार पड़ गए। महिला की मौत का असली कारण अभी तक पता नहीं चल पाया। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी।
इलाके को घोषित किया गया डेंजर जोन
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद बीसीसीएल ने लोगों को खतरे वाले इलाकों से बाहर निकालना शुरू किया। भूमिगत खदानों में आग की वजह से इस इलाके को डेंजर जोन घोषित किया गया। यहां एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने क्षेत्र में मौजूद घरों की दीवारों पर नोटिस चस्पा किए है, जिसमें जल्द से जल्द घर खाली करने को कहा गया।
इमरजेंसी के लिए 3 एम्बुलेंस हैं तैनात
बीसीसीएल के पुटकी-बलिहाटी कोलियरी इलाके के जीएम जी. सी. साहा ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से संभालने के लिए इलाके में 3 एम्बुलेंस तैनात हैं। कंपनी लोकल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का इंतजाम कर रही है। हमने पहले ही जान-माल की सुरक्षा के लिए उनसे खतरे वाले इलाके को छोड़ने की अपील की है।
रिसाव पॉइंट्स को किया गया बंद
उन्होंने आगे भी कहा कि गैस के रिसाव के सभी रिसाव बिंदुओं को बंद किया गया है। 2019 के एक सर्वे के मुताबिक, झरिया कोयला इलाके के भूमिगत खदानों की आग और धंसाव की आशंका वाले 595 इलाकों के नजदीक करीब 946 परिवार रहते हैं।
(इनपुट-भाषा)
ये भी पढ़ें-
कब हुई थी मोदी और पुतिन की पहली मुलाकात, रूस ने 24 साल पुरानी फोटो शेयर कर ताजा की ऐतिहासिक यादें
राजस्थान में स्कूल के बच्चों को मिली अनोखी छूट, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी, जानें क्या बोले