1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के कोडरमा में एक साथ 10 बच्चे हुए लापता, मचा हड़कंप, अब घर घर खोज रहे मुखिया जी

झारखंड के कोडरमा में एक साथ 10 बच्चे हुए लापता, मचा हड़कंप, अब घर घर खोज रहे मुखिया जी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Feb 07, 2026 09:34 am IST,  Updated : Feb 07, 2026 10:55 am IST

कोडरमा में एक साथ 10 बच्चों के गायब होने से प्रशासन की टेंशन बढ़ गई है। बच्चों के लापता होने से पीड़ित परिवार परेशान हैं और उन्होंने प्रशासन से बच्चों को ढूढ़ने की गुहार लगाई है।

कोडरमा में एक साथ 10 बच्चे लापता - India TV Hindi
कोडरमा में एक साथ 10 बच्चे लापता Image Source : REPORTER

कोडरमा: कोडरमा के जयनगर प्रखण्ड स्तिथ खरियोडीह पंचायत के  गड़ीयाई बिरहोर टोला से एक साथ 10 बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया हैं।  मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्र के मुखिया राजेन्द्र यादव ने बताया कि एक फरवरी की रात गड़ियाई बिरहोर टोला से लोग परसाबाद एक श्राद्धकर्म में भोज खाने गए हुए थे और जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनके बच्चे साथ में नहीं थे। इसके बाद अगले दिन उन्होंने इसकी सूचना मुखिया को दी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के मुखीया राजेन्द्र यादव ने घटना की जानकारी जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी। 

मुखिया ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी

इधर बच्चों के लापता होने की सूचना पर जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे की खोज-बिन में लगा दिया। वहीं इलाके के मुखिया राजेन्द्र यादव अपने स्तर से हर संभव बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के बीडीओ गौतम कुमार को दी। इसके बाद मामला जिले के वरीय पदाधिकारियों के संज्ञान में आया। 

इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ उक्त गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन भी शुरू कर दी गई है। 

सामने आया पुलिस का बयान 

प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया कि गडीयाई बिरहोर टोला के कुछ बच्चों के लापता होने की उन्हें सूचना मिली है।  परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला हैं कि वे श्राद्ध का भोज खाने 1 फरवरी को परसाबाद आए हुए थे और घर वापस जाने के क्रम में लापता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि गडयाई बिरहोर टोला के लोग परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतककर अपने घर आना-जाना करते हैं। ऐसे में उन्हें संदेह है कि बच्चों द्वारा उल्टे रूट की ट्रेन पकड़ ली गई होगी और बच्चे धनबाद की ओर चले गए होंगे। परसाबाद के दोनों ओर स्थित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं और जल्द ही बच्चों को ढूंढ लिया जाएगा।

रिपोर्ट- भोला शंकर सिंह,कोडरमा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।