खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां प्रदेश कांग्रेस की आदिवासी इकाई के 24 वर्षीय नेता की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुमित तिग्गा के रूप में हुई है, जो आदिवासी कांग्रेस की कर्रा ब्लॉक इकाई के महासचिव थे। यह घटना झारखंड की राजधानी रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर गुयू गांव में रविवार शाम हुई। घटना के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। वहीं संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
घर से बुलाकर ले गए थे दोस्त
कर्रा थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “परिवार के बयान के अनुसार, सुमित तिग्गा घर पर थे, तभी उनके दो दोस्त शाम करीब साढ़े छह बजे आए और उन्हें बुलाकर बाहर ले गए। वे घर के पास ही आग पर हाथ ताप रहे थे। उसी दौरान पीछे से किसी ने आकर उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगने की वजह से सुमित तिग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए।” थाना प्रभारी हेम्ब्रम ने बताया कि परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों के तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं सुमित तिग्गा से मिलने आए दोनों दोस्तों से भी पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। वहीं इस घटना को लेकर तोरपा के अपर पुलिस अधीक्षक क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने कहा कि परिवार ने अपराध का कोई विशिष्ट कारण नहीं बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं।’’ सुमित तिग्गा की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं थी। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विल्सन टोपनो ने इस हत्या में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। बता दें कि कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का एक घटक दल है।
यह भी पढ़ें-
संभल में मुस्कान जैसा कांड, पति की हत्या कर ग्राइंडर से किए कई टुकड़े; प्रेमी संग महिला गिरफ्तार
VIDEO: शराब के नशे में धुत युवक के लड़खड़ाए कदम, पलक झपकते ही बस के नीचे आया; हुई मौत