1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. पुलिस थाने में जीजा की गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराने वाला साला ही निकला कातिल, सामने आई हत्या की वजह

पुलिस थाने में जीजा की गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराने वाला साला ही निकला कातिल, सामने आई हत्या की वजह

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 19, 2026 07:15 pm IST,  Updated : Sep 19, 2026 07:19 pm IST

बोकारो में पुलिस ने जीजा की हत्या के आरोप में साले को गिरफ्तार किया है। मृतक ससुराल आया हुआ था और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

बोकारो पुलिस ने जीजा की हत्या के आरोप में साले को गिरफ्तार किया है। मामला बोकारो के चन्दनक्यारी के बरमसिया ओपी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को एक व्यक्ति गुम हो गया था। गुमशुदगी की रिपोर्ट 14 सितंबर को दर्ज हुई। मामले की जांच कर रही पुलिस को 17 सितंबर को एक सड़ी गली लाश की सूचना मिली। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच की तो मृतक की पहचान कोका गोप के रूप में हुई। मृतक व्यक्ति को आखिरी बार उस व्यक्ति के साथ देखा गया था, जिसने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

मृतक के साले भगीरथ गोप से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ तो उसने राज उगल दिया और अपने एक साथी भूदेव गोप के साथ अपने चचेरे जीजा कोका गोप की हत्या की बात कबूल ली। पुलिस ने आरोपी को साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। ASP वेदांत शंकर ने कहा कि मृतक पिंडराजोड़ा के काशीझरिया का रहने वाला था और चन्दनक्यारी अपने ससुराल आया हुआ था।

इस वजह से हुई हत्या

बोकारो के चास ASP वेदांत शंकर ने कहा कि ये हत्या लगभग 12 बीघा जमीन के बंटवारे के विवाद के चलते हुई थी। मृतक कोका गोप के ससुर की अभी 2 हफ्ते पहले ही मौत हुई थी, मृतक अपने ससुराल आया हुआ था। मृतक के ससुर की तीन बेटियां हैं और कोई बेटा नहीं है। ऐसे में दामाद कोका ससुर की जमीन को बंटवारा कराना चाह रहा था, जिसको लेकर आरोपी चचेरा साला भगीरथ गोप के साथ मनमुटाव चल रहा था। चचेरा साला जमीन में कोई हक देना नहीं चाह रहा था और इसी को लेकर विवाद गहराया।

ASP ने जानकारी देते हुए कहा कि 12 सितम्बर को जीजा कोका गोप बाजार में खरीदारी करने निकला था। उसी दौरान आरोपी उसे बरमसिया ओपी के खासी नदी किनारे ले गए और गमछे से दोनों आरोपियों ने गाला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी बड़े ही आराम से घर वापस आ गए। जब मृतक की खोजबीन परिवार के लोगों के द्वारा करना शुरू किया गया तो आरोपी ने बड़े ही चालाकी से खुद थाना में गुशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कराया ताकि लोगो को उस पर शक न हो। इससे पहले बोकारो के चंद्रपुरा में डबल मर्डर का मामला सामने आया था। गोलीकांड में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिपोर्टः मृत्युंजय

ये भी पढ़ेंः झारखंड के चक्रधरपुर में घर में घुसकर युवती की हत्या, धारदार हथियार से वार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।