1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 15 लाख के इनामी दो नक्सली ढेर, इसांस राइफल और गोला बारूद बरामद

झारखंड: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 15 लाख के इनामी दो नक्सली ढेर, इसांस राइफल और गोला बारूद बरामद

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 24, 2025 07:13 pm IST,  Updated : May 24, 2025 07:13 pm IST

एक नक्सली की पहचान जेजेएमपी के शीर्ष नेता पप्पू लोहरा के रूप में हुई है, जिसके ऊपर 10 लाख रुपये का इनाम था। वहीं, दूसरे नक्सली की पहचान प्रभात गंजू के रूप में हुई, जिसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम था।

Policemen Encounter- India TV Hindi
एनकाउंटर के दौरान पुलिसकर्मी Image Source : X/JHARKHAND POLICE

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में ‘झारखंड जन मुक्ति परिषद’ (जेजेएमपी) के शीर्ष नेता पप्पू लोहरा समेत दो नक्सली मारे गए। पप्पू पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में मारा गया दूसरा व्यक्ति जोनल चीफ था। उसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि माओवादी समूह जेजेएमपी का प्रमुख लोहरा और उसका एक अन्य सहयोगी लातेहार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक जंगल में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस के नक्सल रोधी संयुक्त अभियान के दौरान मारे गए। 

पलामू के पुलिस उपमहानिरीक्षक वाई एस रमेश ने कहा, ‘‘सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। पुलिस ने उनके शव बरामद कर लिए हैं।’’ पुलिस ने बताया कि लोहरा और एक अन्य व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। इसने कहा कि लोहरा के अलावा मारे गए दूसरे नक्सली की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 

एक नक्सली गिरफ्तार

सूत्रों ने बताया कि समूह का एक और सदस्य घायल हुआ है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके पास से एक इंसास राइफल बरामद की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोहरा और उसके साथियों के जंगल में होने की सूचना मिलने पर लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों की एक टीम ने तलाश अभियान शुरू किया था। पुलिस ने कहा, ‘‘माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों के कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की।’’ 

पुलिस अधिकारी का बयान

झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशन अमोल विनुकांत होमकर ने कहा, "झारखंड में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए काम कर रहे सभी सुरक्षा बलों के लिए यह एक बड़ा दिन है। जेजेएमपी नक्सली समूह अपने सुप्रीमो पप्पू लोहरा के साथ हिंसा भड़काने के लिए लातेहार पीएस क्षेत्र में एकत्र हुए था। एक पुलिस दल जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान पर था। इसी दौरान नक्सली समूह ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, और मुठभेड़ काफी देर तक चली। बाद में पुलिस ने इलाके की तलाशी ली, जहां 2 शव बरामद किए गए और एक अन्य नक्सली घायल हो गया। एक शव की पहचान पप्पू लोहरा के रूप में हुई, जो नक्सली समूह का प्रमुख है और उसके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम है। दूसरे शव की पहचान प्रभात गंझू के रूप में हुई, जो नक्सली समूह का जोनल कमांडर है और उसके सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम है। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया।" (इनपुट- पीटीआई/एएनआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।