1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'कौन हैं नरेंद्र मोदी? झारखंड में बीजेपी की जड़ें उखाड़ फेंकेगा इंडिया गठबंधन', कोडरमा में गरजे लालू

'कौन हैं नरेंद्र मोदी? झारखंड में बीजेपी की जड़ें उखाड़ फेंकेगा इंडिया गठबंधन', कोडरमा में गरजे लालू

 Published : Nov 10, 2024 11:06 pm IST,  Updated : Nov 10, 2024 11:06 pm IST

लालू प्रसाद ने कोडरमा की जनसभा में कहा कि उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभाई, जो देश में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत ताकत के रूप में उभरा है।

Lalu Prasad- India TV Hindi
लालू प्रसाद, आरजेडी सुप्रीमो Image Source : FILE

कोडरमा: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर है। इस बी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद रविवार को कोडरमा में प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में सत्तारूढ़ ‘इंडिया’ गठबंधन राज्य विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जड़ें उखाड़ देगा। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी नाम की कोई चीज नहीं है। नरेंद्र मोदी कौन हैं? मैं आपसे राजद उम्मीदवार सुभाष यादव को वोट देने का आग्रह करता हूं। आपको भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा।

बीजेपी कभी वापसी नहीं कर पाएगी

लालू ने कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन भाजपा की तुलना में कहीं अधिक ताकतवर राजनीतिक शक्ति बनकर उभरा है। ‘इंडिया’ गठबंधन में राजद भी शामिल है। झारखंड के कोडरमा जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लालू ने कहा, “हम भाजपा की जड़ें उखाड़ देंगे और वह कभी वापसी नहीं कर सकेगी। भाजपा हमारी ताकत के आगे बेबस है।” 

हमारे उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करें

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाने में अहम भूमिका निभाई, जो देश में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत ताकत के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा, “मैंने कोडरमा के विकास में योगदान दिया है। इसलिए, हमारे उम्मीदवार सुभाष यादव को वोट देना न भूलें और उनकी जीत सुनिश्चित करें।” 

कभी आरजेडी का गढ़ हुआ करता था कोडरमा

बता दें कि कोडरमा विधानसभा क्षेत्र दस साल पहले तक राजद का मजबूत गढ़ हुआ करता था। हालांकि, 2014 में भाजपा की नीरा यादव ने राजद से यह सीट छीन ली। नीरा कोडरमा से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की उम्मीद के साथ एक बार फिर मैदान में हैं। राजद के सुभाष यादव इस बार ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर कोडरमा से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें राजद सुप्रीमो का करीबी सहयोगी माना जाता है। उच्चतम न्यायालय ने धन शोधन से जुड़े एक मामले में सुभाष यादव को हाल ही में जमानत दी थी। झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।