1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. चना, दूध और खजूर से बनाएं स्वादिष्ट मिठाई, इतनी नरम कि मुंह में जाते ही घुल जाए, आसान है रेसिपी

चना, दूध और खजूर से बनाएं स्वादिष्ट मिठाई, इतनी नरम कि मुंह में जाते ही घुल जाए, आसान है रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 21, 2026 12:52 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 12:54 pm IST

मीठे के क्रेविंग शांत करनी है तो चीनी और गुड़ से बनी मिठाई नहीं बल्कि चना, दूध और खजूर से तैयार की गई ये बर्फी बनाकर खाएं। ये इतनी मुलायम बनती है कि मुंह में जाते ही घुल जाए। नोट कर लें रेसिपी।

चना बर्फी रेसिपी- India TV Hindi
चना बर्फी रेसिपी Image Source : YOU TUBE GRAB @CHEF BHUPI'S KITCHEN

अक्सर हमें मिठाई का नाम सुनते ही चीनी, चाशनी और गुड़ से बनी चीजें दिमाग में आती हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी मिठाई की रेसिपी बता रहे हैं जिसमें गुड़ या चीनी का जरा भी इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। ये मिठाई पूरी तरह से हेल्दी है। खाने में इतनी नरम बनती है कि बिना दांत वाले भी इसे आसानी से खा सकते हैं।  इसे बनाने के लिए आपको दूध, भुने चने और खजूर लेने होंगे। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए चना, दूध और खजूर से तैयार मिठाई की रेसिपी। 

चना, दूध और खजूर से मिठाई की रेसिपी

पहला स्टेप- आपको इसके लिए बिना छिलके वाले भुने चने लेने हैं। अगर छिलके वाले चने हैं तो उन्हें मसलकर छिलका हटा दें। हम मिठाई के लिए करीब 250 ग्राम भुने हुए चने का इस्तेमाल कर रहे हैं। चने हेल्थ के लिए बहुत अच्छे होते हैं। चने में प्रोटीन काफी ज्यादा होता है और लंबे समय तक पेट को फुल रखते हैं।

दूसरा स्टेप- अब एक भारी तली की कढ़ाई लें और उसमें 2 बड़े चम्मच घी डालकर गर्म करें। इसमें भुने चने डालकर थोड़ी देर तक और भून लें। भुने चने को आप जब घी में थोड़ा भूनते हैं तो इसमें एक मॉइस्ट आता है। चने को थोड़ी देर धीमी-धीमी आंच पर सेंक लें। आपको जल्दबाजी नहीं करनी है। करीब 8- 10 मिनट में चने भुनकर तैयार हो जाएंगे।

तीसरा स्टेप- अब आपको 1 लीटर फुल क्रीम दूध लेना है और उसे भुने चने वाली कढ़ाई में डाल दें। अब दूध में चने के साथ 1-2 उबाल आने तक पकाएं। अब गैस की फ्लेम को धीमा कर दें और दूध चने को साथ में पकाते रहें। चना दूध को अच्छी तरह से सोख लेंगे। अब इसमें करीब 150 ग्राम खजूर के बीज निकालकर इसी में डाल दें। दूध, चना और खजूर को पकने दें। दूध जब थोड़ी देर पक जाए तभी खजूर मिलाएं क्योंकि कई बार खजूर डालने से दूध फट जाता है।

चौथा स्टेप- जब ये हल्का गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को ठंडा होने दें। अब इसे मिक्सी में डालकर पीस लें और एक स्मूद पेस्ट बना दें। अगर पीसने में दिक्कत हो तो थोड़ा दूध भी मिला सकते हैं। इस पेस्ट में हल्का दरदरापन रहेगा। अब कढ़ाई में घी डालें और इसे लगातार चलाते हुए भूनें। आपको इसे तब कर भूनना है जब तक कड़ाही से अलग न होने लगे।

पांचवां स्टेप- बहुत ज्यादा घी डालने की जरूरत नहीं है हां घी डालने से मिश्रण बिना मेहनत के और जल्दी भुन जाता है। 2-3 चम्मच घी में ये भुन जाएगा। इसमें थोड़ा इलायची पाउडर डाल दें और जब कढ़ाई छोड़ दे तो गैस बंद कर दें। अब एक प्लेट को घी लगाकर ग्रीस कर लें। प्लेट में इस मिश्रण को निकालकर सेट कर दें और ऊपर से बारीक कटे पिस्ता डाल दें। करीब 4 घंटे में ये पूरी तरह से सेट हो जाएगा।

चने की बर्फी बनकर तैयार हैं। ये बहुत ही सॉफ्ट बनती हैं और आसानी से कट जाती है। खाने में बिल्कुल ड्राई नहीं लगती आप इन्हें दूध के साथ या ऐसे ही कभी भी मीठा खाने के समय खा सकते हैं। चना, दूध और खजूर से तैयार ये बर्फी कई दिनों तक खराब नहीं होती है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल