इंदौर: राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक और नया मामला सामने आया है। दरअसल, मेघालय में हत्या के बाद राजा का शव बरामद कर लिया गया था, जिसके बाद उसे इंदौर लाया गया। यहां इंदौर में राजा रघुवंशी का अंतिम संस्कार किया गया। राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार में इस पूरी घटना को अंजाम देने वाला राज कुशवाहा भी शामिल हुआ था। एक चश्मदीद ने बताया कि राज कुशवाहा सोनम के मायके से लोगों को लेकर उसकी ससुराल में गया था, जहां राजा रघुवंशी का अंतिम संस्कार हुआ था। वह राजा के अंतिम संस्कार में शामिल भी हुआ था।
सोनम के पड़ोसी ने किया खुलासा
दरअसल, सोनम के मायके के पास ही रहने वाले लक्ष्मण सिंह राठौड़ नाम के एक चश्मदीद ने इसका खुलासा किया है। लक्ष्ण सिंह राठौर ने बताया कि मेघालय से राजा रघुवंशी का शव चार जून को इंदौर पहुंचा था। उस समय सोनम के परिवार ने अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों के लिए चार-पांच गाड़ियों की व्यवस्था की थी। उन्होंने बताया, ‘‘मैं जिस चारपहिया गाड़ी में बैठकर अंत्येष्टि स्थल गया, उसे राजा कुशवाहा चला रहा था। हालांकि, तब मेरी उससे कुछ खास बातचीत नहीं हुई थी। राजा रघुवंशी हत्याकांड में उसकी गिरफ्तारी के बाद जब मैंने मीडिया में उसका फोटो देखा, तब मुझे याद आया कि यही व्यक्ति मुझे अंत्येष्टि स्थल तक ले गया था।’’
इंदौर में हुआ था अंतिम संस्कार
अधिकारियों ने बताया कि राजा रघुवंशी और सोनम मेघालय में हनीमून मनाने गए थे। यहां 23 मई को दोनों के लापता होने की जानकारी मिली थी। अधिकारियों के मुताबिक राजा रघुवंशी का शव 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। मेघालय पुलिस का कहना है कि राजा रघुवंशी की हत्या में उसकी पत्नी सोनम कथित रूप से शामिल थी, जिसने वहां भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। फिलहाल सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके अलावा तीन आरोपियों को इंदौर और इसके आस-पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज कुशवाहा, विशाल चौहान और आकाश राजपूत के रूप में हुई है। (इनपुट- पीटीआई)