मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कार शोरूम से हाल ही में कार चोरी का मामला सामने आया था, जिसकी साजिश से अब पर्दाफाश हो गया है। शोरूम के एक कर्मचारी ने अपने ही शोरूम से करीब 23 लाख की लग्जरी कार गायब कर दी। सेल्समैन खराब परफॉर्मेंस के चलते अपने वेतन में 30-30 प्रतिशत की कटौती से नाराज था और पत्नी के मंहगे शौक पूरे करने के लिए उसने शोरूम से 23 लाख कीमत की फॉक्सवैगन वर्टस जीटी कार चोरी कर ली। सेल्समैन ने एक ग्राहक के नाम पर कार बुक की और 28 सितंबर की रात शोरूम से कार लेकर निकला और कार गायब कर दी। शोरूम को जब स्टॉक मिलाने के दौरान कार नहीं मिली तो कार की तलाश शुरू की गई और आखिरकार जीपीएस ने पूरी पोल खोलकर रख दी।
जीपीएस से मिला सुराग
स्टॉक मिलान के दौरान कार नहीं मिलने पर कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कार की तलाश शुरू हुई। आखिरकार कार में लगे जीपीएस से सुराग मिला और पुलिस ने आशिमा मॉल के पास से कार मिली, पता चला कि कार शोरूम के ही एक सेल्समैन की पत्नी चला रही थी। जैसे ही पुलिस कार की तलाश करते हुए पहुंची, पूरे मामले की पोल खुल गई। पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे चुराई कार?
पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब एक साल से जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन कार शोरूम में काम कर रहा था। आरोपी मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन में किराए पर रहता है। शोरूम में काम करने के चलते उसे गाड़ियों की आवाजाही और व्यवस्थाओं की जानकारी थी। आरोपी ने इसी का फायदा उठाया और एक ग्राहक के नाम पर एक लग्जरी कार बुक करके चोरी की योजना बनाई। जिसके बाद 28 सितंबर की रात वह शोरूम से कार लेकर चला गया। शुरुआत में तो शोरूम मैनेजमेंट को इसकी भनक तक नहीं लगी, लेकिन जब कंपनी ने गाड़ियों के स्टॉक का मिलान किया।
पत्नी को महंगी कार का था शौक
आरोपी की पत्नी को महंगी कारों का शौक था और पत्नी के शौक पूरा करने के लिए शख्स ने कार चोरी कर ली। हालांकि, GPS लोकेशन ने आरोपी कर्मचारी का राज खोल दिया। आरोपी की पत्नी कार चलाते हुए मिली जिसके बाद चोरी में कर्मचारी की भूमिका आई सामने। अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई लग्जरी कार बरामद हो गई है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। चोरी में किसी अन्य की भूमिका और पत्नी को इसके बारे में जानकारी की भी जांच होगी।
ये भी पढ़ेंः विदिशा में डिजिटल अरेस्ट का शिकार हुए रिटायर्ड दंपत्ति, वीडियो कॉल पर 25 दिन घर में रखा कैद, ठग लिए 69 लाख